गोरखपुर: मकान की छत पर लगाया पाकिस्तानी झंडा, देशद्रोह का केस दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोरखपुर। चौरीचौरा थानाक्षेत्र में मकान की छत पर पाकिस्तानी झंडा फहराने को लेकर बवाल मच गया।मामला सोशल मीडिया पर आने के बाद ब्राह्मण कल्याण परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष की तहरीर पर चौरीचौरा थाने में चार के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज किया गया।पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है। जानकारी के अनुसार चौरीचौरा …

गोरखपुर। चौरीचौरा थानाक्षेत्र में मकान की छत पर पाकिस्तानी झंडा फहराने को लेकर बवाल मच गया।मामला सोशल मीडिया पर आने के बाद ब्राह्मण कल्याण परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष की तहरीर पर चौरीचौरा थाने में चार के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज किया गया।पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है। जानकारी के अनुसार चौरीचौरा क्षेत्र के मुंडेरा बाजार कस्बे के वार्ड नंबर 10 निवासी तालिब ने अपने मकान के छत पर पाकिस्तान का झंडा फहराया था। किसी ने इसकी फोटो खींचकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी।

वायरल फोटो देखकर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) नेता अमित वर्मा, आरएसएस के वीरेंद्र सहित तमाम भाजपा नेता व कार्यकर्ता पहुंच गए। आसपास के लोग भी जुट गए। सबने नारेबाजी करने के साथ ही पथराव करके एक वाहन का शीशा तोड़ दिया। मौके पर भीड़ का उग्र रूप देख तालिब ने अपने छत से झंडा उतार लिया। मामले की सूचना पाकर इंस्पेक्टर श्याम बहादुर सिंह मौके पहुंचे और तालिब से पूछताछ की।

इसी बीच उग्र लोगों की संख्या बढ़ती चली गई। पाकिस्तान व मकान मालिक के खिलाफ नारेबाजी होने लगी। इसके बाद एसपी उत्तरी मनोज अवस्थी झंगहा व पिपराइच पुलिस के साथ मौके पर पहुंचकर समझा-बुझाकर भीड़ को शांत किया।इस मामले में ब्राह्मण कल्याण परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित कल्याण पांडेय के तहरीर पर पाकिस्तानी झंडा फहराने के आरोप में चार लोगों तालीम, पप्पू, आशिक व आरिफ के खिलाफ देशद्रोह की धारा में मुकदमा दर्ज हुआ।

पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है।वहीं आरोपितों के परिजनों का कहना है कि झंडा हमारे धर्म का था और बेवजह तूल दिया जा रहा है। घटना पर एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने कहा कि पाकिस्तान का झंडा फहराने की सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी। तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ देशद्रोह की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है।

संबंधित समाचार