बरेली: तहेरे-चचेरे भाई को ट्रक ने रौंदा, मौत
देवरनिया, अमृत विचार। बरेली-नैनीताल फोरलेन पर स्कूल से परीक्षा देकर बाइक से अपने घर वापस लौट रहे दो चचेरे-तहेरे भाईयों को बेकाबू ट्रक ने रौंद दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गयी। हादसे के बाद ट्रक चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। देवरनिया के गांव भदरक निवासी माखन लाल का 20 …
देवरनिया, अमृत विचार। बरेली-नैनीताल फोरलेन पर स्कूल से परीक्षा देकर बाइक से अपने घर वापस लौट रहे दो चचेरे-तहेरे भाईयों को बेकाबू ट्रक ने रौंद दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गयी। हादसे के बाद ट्रक चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। देवरनिया के गांव भदरक निवासी माखन लाल का 20 वर्षीय पुत्र विपिन व महेन्द्र पाल का 22 वर्षीय पुत्र राजू उर्फ ब्रजनंदन दोनों चचेरे-तहेरे भाई हैं।
बताया जाता है कि विपिन इज्जत नगर में स्थित सिद्धि विनायक कालेज में जीटीआई कर रहा था जबकि राजू रुद्रपुर में एक फैक्ट्री में नौकरी करता था। दोनों गुरुवार सुबह अपने घर से बाइक से इज्जतनगर स्थित सिद्धि विनायक कालेज में गए थे। विपिन की परीक्षा थी। यहां से शाम छह बजे दोनों भाई अपने घर वापस लौट रहे थे। नैनीताल- फोरलेन पर सेमीखेड़ा स्थित पेट्रोल पंप के पास पीछे से तेज गति से आये बेकाबू ट्रक ने बाइक सवार दोनों भाईयों को कुचल दिया।
ट्रक बाइक को अपनी चपेट में लेकर काफी दूर तक घसीटता गया। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने आरोपी ट्रक चालक को रोका लेकिन कुछ दूरी जाकर ट्रक चालक ट्रक छोडकर फरार हो गया। घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों के शवों को एम्बुलेंस से बरेली जिला अस्पताल भेजा।
वहीं ट्रक को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। सूचना मिलते ही दोनों चचेरे-तहेरे भाईयों के घर में कोहराम मच गया। दोनों के परिजन भी घटना स्थल पर पहुंच गये।
