हल्द्वानी: कांग्रेसी ढोल के शोर में दबा एंबुलेंस का सायरन
हल्द्वानी, अमृत विचार। कांग्रेसी ढोल के शोर में मानवीय संवेदनाओं का दम घुटता दिखा। यहां कांग्रेस की रैली में शामिल होने के लिए ढोल बजाते निकले कांग्रेसियों की वजह से जाम लगा और जाम में एक एंबुलेंस फंस गई। एंबुलेंस जाम से निकलने के लिए हूटर बजा रही थी, लेकिन कांग्रेसी ढोल के शोर में …
हल्द्वानी, अमृत विचार। कांग्रेसी ढोल के शोर में मानवीय संवेदनाओं का दम घुटता दिखा। यहां कांग्रेस की रैली में शामिल होने के लिए ढोल बजाते निकले कांग्रेसियों की वजह से जाम लगा और जाम में एक एंबुलेंस फंस गई। एंबुलेंस जाम से निकलने के लिए हूटर बजा रही थी, लेकिन कांग्रेसी ढोल के शोर में एंबुलेंस की आवाज किसी को सुनाई नहीं दी।
गुरुवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे 24 से अधिक कांग्रेसी रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस की रैली में शामिल होने निकले थे। कांग्रेसी ढोल बजाते हुए जुलूस की शक्ल में सड़क पर चल रहे थे। रोडवेज पार करते ही कांग्रेसियों के जुलूस की वजह से जाम लग गया।
कांग्रेसी ढोल बजाते आगे चल रहे थे और उनके पीछे पूरा ट्राफिक रेंग रहा था। इसी ट्राफिक में एक एंबुलेंस फंसी थी, जो निकलने के लिए लगातार हूटर बजा रही थी। हालांकि इस हूटर की आवाज न तो कांग्रेसियों के कानों तक पहुंची और न ही स्टेडियम चौराहे पर तैनात पुलिस तक।
बहरहाल, जाम की वजह से शहरी कई जगह परेशान हुए और इसकी वजह बना रूट डायवर्जन। तिकोनिया से कोतवाली की ओर आने वाली सड़क पर पूरे दिन वाहन रेंगते रहे। ऐसी ही जहमत कालू सिद्ध तिराहे से स्टेडियम की ओर आने वाले लोगों को उठानी पड़ी, जबकि सुशीला तिवारी अस्पताल के सामने रोज की परेशानी बना जाम आज भी लोगों को झेलना पड़ा।
