हल्द्वानी: कोरोनाकाल में तैयार कर दिया दूसरा बेसमेंट, विकास प्राधिकरण खामोश
हल्द्वानी, अमृत विचार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोनाकाल को बड़ी आपदा बताते हुए इसमें स्वरोजगार के अवसर खोजने का आह्वान किया, लेकिन लोगों ने इस आह्वान को अपने उल्टे सीधे काम पूरे करने के लिये प्रयोग कर लिया। ताजा मामला शहर के नैनीताल रोड स्थित एक बड़े मॉल का है जहां पर कोरोनाकाल में ही …
हल्द्वानी, अमृत विचार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोनाकाल को बड़ी आपदा बताते हुए इसमें स्वरोजगार के अवसर खोजने का आह्वान किया, लेकिन लोगों ने इस आह्वान को अपने उल्टे सीधे काम पूरे करने के लिये प्रयोग कर लिया।
ताजा मामला शहर के नैनीताल रोड स्थित एक बड़े मॉल का है जहां पर कोरोनाकाल में ही दूसरा बेसमेंट तैयार कर दिया गया। अब इसे पार्किंग के लिए जल्द खोलने की तैयारी है। जिला विकास प्राधिकरण के अधिकारी अब भी इस मामले से अनभिज्ञता जता रहे हैं।
कोरोनाकाल में शॉपिंग मॉल, थिएटर वो सभी परिसर बंद थे जहां से कोरोना संक्रमण का खतरा था। कारोबारी परेशान थे, लेकिन शहर के एक बड़े मॉल प्रबंधन ने इस कोरोनाकाल को ‘आपदा में अवसर’ के रूप में उपयोग किया। अब जब ये मॉल पूरी तरह से लोगों के लिए खुला तो इसका राज खुला। पहले लिफ्ट में मात्र ‘बी’ का विकल्प था लेकिन अब इसका दायरा बढ़कर ‘बी 1’ व ‘बी 2’ हो गया है।
यानी अब दूसरा बेसमेंट भी चालू हो गया है। नैनीताल रोड स्थित इस मॉल में पार्किंग के लिए एक ही बेसमेंट था इसी को पार्किंग के लिए उपयोग किया जाता रहा है। शहर के ज्यादातर लोग इसी बेसमेंट में अपने वाहन खड़े कर जाते थे लेकिन अब उन्हें दूसरा बेसमेंट भी जल्द उपलब्ध होगा।
दरअसल, कोरोनाकाल में मॉल प्रबंधन ने इस बेसमेंट का निर्माण करा दिया। प्रशासनिक अमला जब कोरोना प्रबंधन में जुटा था, उस वक्त इस बेसमेंट का निर्माण करा दिया गया। अब इसकी फिनिशिंग का काम चल रहा है। उम्मीद है जल्द इसका भी व्यावसायिक उपयोग शुरू हो जाएगा। यानी इस बेसमेंट से भी मॉल प्रबंधन पार्किंग शुल्क वसूलने लगेगा।
मुख्य मार्ग पर काम चालू लेकिन प्रशासन को खबर तक नहीं
यदि शहर या आसपास के क्षेत्र में कोई आम आदमी अपने घर की मरम्मत भी कराना शुरू कर दे तो विकास प्राधिकरण व दूसरे जिम्मेदार विभागों के कर्मचारी मौके पर पहुंच जाते हैं। मुख्य मार्ग पर स्थित इस मॉल में अंदरखाने से निर्माण चलता रहा लेकिन सरकारी महकमे के लोगों को कुछ पता ही नहीं लगा। इससे साफ है कि इस मामले में सबकुछ पहले से ही तय हो गया था।
पहले भी विवादों में रहा है नैनीताल रोड का मॉल प्रबंधन
नैनीताल रोड का ये मॉल प्रबंधन पहले भी काफी चर्चाओं में रहा है। इसको लेकर कई बार विवाद भी सामने आया है। प्रशासनिक गलियारों में गहरी पैठ के चलते हर बार सभी मामले ठंडे बस्ते में चले जाते हैं। मॉल की लोकेशन को निखारने के लिए हरे पेड़ों तक को कटवा दिया गया था। मॉल के ऊपरी हिस्से में निर्माण को लेकर भी खूब चर्चायें हुई थीं।
अभी ऐसा मामला संज्ञान में नहीं है। जांच की जाएगी। यदि कोई नया निर्माण कार्य हुआ होगा तो उस पर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।- पंकज उपाध्याय, सचिव, जिला विकास प्राधिकरण
