हल्द्वानी: कारोबार को लगेगी सहालग की वैक्सीन, उभर सकेंगे कारोबारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मनीष तिवारी, अमृत विचार। कोरोना से देशव्यापी जंग से लॉकडाउन के चलते यूं तो हर तरह का नुकसान हुआ था। मगर, इस दौरान शादी कार्यक्रमों से जुड़े कारोबार लॉक होने से व्यापार काफी डाउन रहे थे। इस साल भी गर्मी के सीजन में चलने वाले चार महीने का कारोबार पूरी तरह धड़ाम रहा था। लेकिन …

मनीष तिवारी, अमृत विचार। कोरोना से देशव्यापी जंग से लॉकडाउन के चलते यूं तो हर तरह का नुकसान हुआ था। मगर, इस दौरान शादी कार्यक्रमों से जुड़े कारोबार लॉक होने से व्यापार काफी डाउन रहे थे।

इस साल भी गर्मी के सीजन में चलने वाले चार महीने का कारोबार पूरी तरह धड़ाम रहा था। लेकिन साल के आखिरी दो महीने में होने वाली शादियां कारोबारियों के शुभघड़ी साबित होंगी। लगातार एक महीने तक चलने वाले सहालग में साढ़े पांच अरब तक का कारोबार होने का अनुमान लगाया जा रहा है। माना जा रहा है कि कोरोना का दंश झेलने के बाद नवंबर से दिसंबर तक का सहालग कारोबारियों के लिए वैक्सीन लेकर आया है।

सहालग के कारोबारियों ने बैंकट हॉल, कैटरिंग, फूल, फोटोग्राफी, टेंट व बैडबाजा प्रमुख माने जाते हैं। इन व्यापार से जुड़े लोगों से की गई चर्चा में 14 नवंबर से शुरू होने जा रहे सहालग में बढ़िया कारोबार की उम्मीद है। काफी समय पहले से ही बुकिंग स्टार्ट हो गईं, जिससे पूरे महीने ये कारोबारी व्यस्त रहने वाले हैं।

तीन अरब तक पहुंचेगा बैंकट हॉल का कारोबार
शहर में बैंकट हॉल का कारोबार इस बार आसमान छू सकता है। दरअसल ज्यादातर बैंकट हॉल में कैटरिंग, फूल, सजावट, टेंट के काम भी शामिल रहते हैं। ऐसे करीब सौ बैंकट हॉल हैं। कारोबारी नवीन पांडे ने बताया कि जिस तरह बुकिंग मिल रही है, उससे इन सभी कारोबारियों को तीन अरब तक कारोबार होने का अनुमान लगाया जा रहा है।

खूब गूंजेगी बैंड बाजों की आवाज
शहर में इस बार बैंड बाजे खूब बुक हुए हैं। बैंडबाजा कारोबारी शकील अहमद के अनुसार इस सहालग में काफी बुकिंग हुई है। छह लाख तक का कारोबार होने का अनुमान है। शहर में करीब 35 बैंडबाजा कारोबारी बताए जाते हैं। इस हिसाब से करीब 54 करोड़ तक के कारोबार का अनुमान लगाया जा रहा है।

कैमरे वालों को भी चमकने का मौका
इस बार कैमरे वालों को भी चमकने का मौका मिलेगा। शहर में एक हजार से ज्यादा फोटोग्राफर हैं, जो शादियों में फोटोग्राफी करने के कारोबार से जुड़े हैं। फोटोग्राफर सैय्यद शाहवेज बताते हैं कि इस बार बुकिंग खूब मिल रही है। औसतन एक कारोबारी पांच लाख रुपये तक कमा सकता है, जिसके हिसाब से 50 करोड़ तक के कारोबार का अनुमान लगाया जा रहा है।

हलवाई खूब चखेंगे शादियों का स्वाद
सहालग में कैटरिंग कारोबारियों की भी खूब व्यस्तता रहेगी। इससे जुड़े कारोबारियों का भी करीब डेढ़ अरब तक का व्यापार होने का अनुमान लगाया जा रहा है। व्यापारी ब्रजेश कुमार बताते हैं कि शहर में पांच सौ से ज्यादा कैटरिंग व्यापारी हैं। प्रति व्यापारी एक लाख रुपये से ज्यादा का कारोबार कर सकेगा। अनुमानित डेढ़ अरब तक के कारोबार का अनुमान लगाया जा रहा है।

शादियों में कम महकेंगे फूल
सहालग में इस बार फूल कारोबारियों के चेहरे उदास हैं। फूलों की बढ़ती महंगाई और इस काम को भी बैंकट हॉल की ओर से ही किए जाने से इस बार फूलों की बुकिंग काफी कम हुई है। फूल कारोबारी सुरेंद्र सिंह बताते हैं कि बैंकट हॉल में शादियां होने से उनका काम छिन सा गया है। सजावट के लिए उन्हें कोलकाता से कारीगर बुलाने पड़ते हैं। लेकिन जो खर्चा आता है, उस हिसाब से कारोबार नहीं होता है। शहर में दो सौ से ज्यादा फूल कारोबारी हैं, इनमें कई कारोबारी इसी वजह से इस धंधे से खूद को दूर करने के प्रयास में लगे हैं।

खूब बिक रहीं साड़ियां और दूल्हे की शेरवानी
सहालग में कपड़ा कारोबारियों की भी चांदी है। जमकर खरीदारी हो रही है। कपड़ा कारोबारी कन्नू परगाईं बताते हैं कि बच्चों के कपड़ों से लेकर साड़ियां और दूल्हे की शेरबानी भी खूब बिक रही है। सबसे ज्यादा साड़ियों की सेल है। अच्छे कारोबार का अनुमान है।

संबंधित समाचार