बरेली: दो महीने पहले सड़क खोदकर भाग गया ठेकेदार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। वार्ड रहपुरा चौधरी में ठेकेदार ने दो महीने पहले सड़क खोदकर छोड़ दी। इससे लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी हो रही है। जबकि वार्ड में एक और स्वीकृत सड़क का निर्माण अब तक शुरू ही नहीं हुआ है। यह मामला नगर निगम के अधिकारियों तक पहुंचने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं …

बरेली, अमृत विचार। वार्ड रहपुरा चौधरी में ठेकेदार ने दो महीने पहले सड़क खोदकर छोड़ दी। इससे लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी हो रही है। जबकि वार्ड में एक और स्वीकृत सड़क का निर्माण अब तक शुरू ही नहीं हुआ है। यह मामला नगर निगम के अधिकारियों तक पहुंचने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है।

रहपुरा चौधरी में राजा चौक में करीब 30 लाख रुपये की लागत से एक सड़क व नाली का निर्माण स्वीकृत कराया गया था। ठेकेदार ने इस काम को करीब दो महीने पहले प्रारंभ कराया था लेकिन सड़क की खुदाई करके रोड को ऐसे ही छोड़ दिया गया। ऐसे में इस रोड पर गुजरने वाले लोगों को काफी परेशानी हो रही है।

लोगों का कहना है कि इस संबंध में न जाने कितनी ही बार शिकायत की जा चुकी है लेकिन न तो ठेकेदार सुन रहा है और न ही नगर निगम के अधिकारी गंभीरता दिखा रहे हैं। इस वजह से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। अधूरी व खुदी सड़क पर निकलने के दौरान आए दिन राहगीर गिरकर घायल हो रहे हैं।

इसी वार्ड में मठ कमल नयनपुर में रोड को स्वीकृत हुए करीब तीन साल हो गए हैं। लगभग तीन महीने पहले नगर निगम ने एक ठेकेदार को इस रोड का काम शुरू करने का वर्क ऑर्डर भी दिया लेकिन अब तक कार्य शुरू नहीं हो सका है। वार्ड के लोगों के साथ ही स्थानीय पार्षद की ओर से भी शिकायतें भी की गईं लेकिन नगर निगम के अधिकारी इसको लेकर गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। पार्षद का कहना है कि ठेकेदार यह दिक्कत बता रहा है कि उसे रोड बनाने के लिए बजट नहीं मिल रहा है।

वार्ड की एक सड़क को ठेकेदार ने दो महीने पहले खोदकर छोड़ दिया था। कई बार ठेकेदार से कहने के बावजूद ठेकेदार रोड नहीं बना रहा है। इससे लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। -आशिक हुसैन, पार्षद, रहपुरा चौधरी

संबंधित समाचार