हल्द्वानी: सौतेले पिता ने मासूम से किया दुष्कर्म, गिरफ्तार
हल्द्वानी, अमृत विचार। रिश्तों को शर्मसार करते हुए सौतेले पिता द्वारा मासूम से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने जुबान खोलने पर उसे जान से मार डालने की धमकी दी। तीन माह के बाद दो दिन पहले भेद खुला तो पीड़िता की मां अपने पति के खिलाफ तहरीर लेकर हल्द्वानी कोतवाली जा …
हल्द्वानी, अमृत विचार। रिश्तों को शर्मसार करते हुए सौतेले पिता द्वारा मासूम से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने जुबान खोलने पर उसे जान से मार डालने की धमकी दी। तीन माह के बाद दो दिन पहले भेद खुला तो पीड़िता की मां अपने पति के खिलाफ तहरीर लेकर हल्द्वानी कोतवाली जा पहुंची। इस मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने न सिर्फ आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की, बल्कि उसे गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भी पहुंचा दिया।
पुलिस के अनुसार कोतवाली हल्द्वानी क्षेत्र में एक महिला अपनी चार बेटियों के साथ रहती है। किसी कारण के चलते महिला ने दूसरी शादी की थी। चारों बेटियां महिला के पहले पति से हैं। जबकि दूसरा पति बेरोजगार और नशे का आदी है। मामला बीते अगस्त की 10 तारीख का है। उस रोज महिला घर से बाहर गई हुई थी। अन्य तीन बेटियां भी घर में नहीं थीं। घर में केवल 13 साल की एक बेटी थी। इसी बीच सौतेला पिता घर पहुंचा और नाबालिग को अकेला पाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने पीड़िता को धमकाया कि अगर उसने इस बात का जिक्र किसी से किया तो वह उसे जान से मार देगा। वारदात के रोज उसने मासूम की पिटाई भी की।
पति से विवाद पर भेद खुला
पुलिस के अनुसार पीड़ित पक्ष ने बताया कि सौतेले पिता से डरी, सहमी मासूम इस अंतराल में किसी को कुछ नहीं बता पाई। लेकिन दो दिन पहले महिला का अपने पति के साथ घर में काफी विवाद हो गया था। जिसे बाद मासूम ने हिम्मत जुटाकर अपनी मां को अगस्त में हुई घटना के बारे में सब कुछ बता दिया। मासूम के मुंह से यह सुनकर मां के पैरों तले जमीन खिसक गई।
पुलिस ने तुरंत लिया एक्शन
एसपी सिटी डॉ. जगदीश चंद्र के अनुसार पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर रविवार को आरोपी सौतेले पिता के खिलाफ दुष्कर्म, गालीगलौज, जान से मारने की धमकी और पॉक्सो एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। आरोपी को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया। जांच के बाद आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
