हल्द्वानी: नियम तोड़ने पर फंसे मेयर पर कार्रवाई को एसपी ने लिखा पत्र

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आगमन पर बिना हेलमेट और मास्क के बाइक रैली निकालने के मामले में मेयर डॉ. जोगेंद्र पाल सिंह रौतेला के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की तैयारी कर ली है। इस मामले में एसपी सिटी ने कोतवाल को कार्रवाई के लिए पत्र लिखा है। 10 नवंबर को मिनी स्टेडियम …

हल्द्वानी, अमृत विचार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आगमन पर बिना हेलमेट और मास्क के बाइक रैली निकालने के मामले में मेयर डॉ. जोगेंद्र पाल सिंह रौतेला के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की तैयारी कर ली है। इस मामले में एसपी सिटी ने कोतवाल को कार्रवाई के लिए पत्र लिखा है।

10 नवंबर को मिनी स्टेडियम में आयोजित उत्तराखंड महोत्सव में शामिल होने के लिए मेयर डॉ.जोगेंद्र पाल सिंह रौतेला अपने समर्थकों के साथ बाइक रैली लेकर निकले थे। इस बाइक रैली में मेयर बुलेट बाइक को नियमों का उल्लंघन करते हुए चला रहे थे, मेयर ने न तो हेलमेट लगाया हुआ था और कोविड प्रॉटोकॉल का भी ध्यान नहीं रखा था। मेयर के साथ उनके समर्थक भी बगैर हेलमेट और मास्क के बाइक रैली में शामिल हुए थे।

नैनीताल रोड तिकोनिया चौराहे से होते हुए मेयर का काफिला मिनी स्टेडियम में आयोजित समारोह में शामिल हुआ था। इसी रूट से मुख्यमंत्री का काफिला भी कार्यक्रम स्थल में पहुंचा था। जिसके बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए अब पुलिस मेयर के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर रही है। एसपी सिटी डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि मेयर पर नियमानुसार कार्रवाई के लिए प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी को पत्र लिखा है।

वहीं, कोतवाल अरुण कुमार सैनी का कहना है कि पत्र मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि अखबारों की सुर्खियां बनने के बाद इस मामले में समाजसेवी मंजू भट्ट ने उत्तराखंड ट्रैफिक आई एप पर शिकायत दर्ज कराई थी। साथ ही एक समाज श्रेष्ठ समाज के हेमंत साहू ने भी मेयर पर कार्रवाई के लिए एसपी सिटी को ज्ञापन दिया था।

संबंधित समाचार