हल्द्वानी: खेल छात्रावासों में प्रवेश के लिए खिलाड़ियों में दिखा उत्साह, ट्रायल में दिखाया दमखम
हल्द्वानी, अमृत विचार। कोरोना गाइडलाइन में छूट मिलने के बाद खिलाड़ियों के बीच रौनक लौटने लगी है। खेल निदेशालय की ओर से प्रदेश के 13 खेल छात्रावासों में प्रवेश के लिए ट्रायल प्रक्रिया शुरू हो गई है। हल्द्वानी स्टेडियम में दो दिवसीय ट्रायल प्रतियोगिता में जिले भर से खिलाड़ी पहुंचे। इस दौरान खिलाड़ियों में उत्साह …
हल्द्वानी, अमृत विचार। कोरोना गाइडलाइन में छूट मिलने के बाद खिलाड़ियों के बीच रौनक लौटने लगी है। खेल निदेशालय की ओर से प्रदेश के 13 खेल छात्रावासों में प्रवेश के लिए ट्रायल प्रक्रिया शुरू हो गई है। हल्द्वानी स्टेडियम में दो दिवसीय ट्रायल प्रतियोगिता में जिले भर से खिलाड़ी पहुंचे। इस दौरान खिलाड़ियों में उत्साह देखने को मिला।

जिला क्रीडा अधिकारी अख्तर अली ने बताया कि फुटबाल, एथलेटिक्स, बाक्सिंग, बैडमिंटन, क्रिकेट समेत अन्य खेलों की ट्रायल प्रक्रिया चल रही है। जिले से चयनित खिलाड़ियों का ट्रायल उधमसिंह नगर में होगा। राज्य स्तरीय ट्रायल में चयनित खिलाड़ियों को विभिन्न छात्रावासों में प्रवेश मिलेगा।

उन्होंने बताया कि आवासीय छात्रावासों में चयनित खिलाड़ियों को सरकार की ओर से निशुल्क रहने, खाने और खेल सामग्री की सुविधा मिलती है।
बॉक्सिंग खिलाड़ी हिमानी बंगारी ने बताया कि फिजिटल और टेक्नीकल टेस्ट हुआ है। उम्मीद है कि स्पोर्ट्स हॉस्टल में चयन हो जाएगा।
मिक्स मार्शल आर्ट कोच विष्णु बसेरा ने बताया कि दो दिवसीय ट्रायल में खिलाड़ियों ने उत्साह दिखाया है।

सीनियर क्रिकेट खिलाड़ी और एथलीट रघुवीर सिंह बंगारी ने बताया कि प्रदेश के दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले बच्चों के लिए सरकार की ओर से संचालित छात्रावास वरदान साबित हो रहे हैं। हुनरमंद खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।
एनआईएस क्रिकेट निशांत सिंह मेहता ने बताया कि अंडर-16 के लिए ट्रायल प्रक्रिया में खिलाड़ियों में उत्साह देखने को मिल रहा है। चयनित खिलाड़ी टिहरी स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रवेश पाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के निर्धन होनहार खिलाड़ियों के लिए सरकार की खेल योजना बेहतर साबित हो रही है।
