हल्द्वानी: पूर्व कानून मंत्री सलमान खुर्शीद के घर पर पथराव, कांग्रेस ने प्रदेश सरकार का फूंका पुतला
हल्द्वानी, अमृत विचार। कांग्रेस ने पूर्व कानून मंत्री सलमान खुर्शीद के घर पर फायरिंग, आगजनी और पथराव के मामले में भाजपा प्रदेश सरकार का पुतला फूंका। मंगलवार को पब्लिसिटी कमेटी के चेयरमैन सुमित हृदयेश के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ता तिकोनिया चौराहे पर इकट्ठा हुए। यहां उन्होंने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सुमित हृदयेश …
हल्द्वानी, अमृत विचार। कांग्रेस ने पूर्व कानून मंत्री सलमान खुर्शीद के घर पर फायरिंग, आगजनी और पथराव के मामले में भाजपा प्रदेश सरकार का पुतला फूंका।
मंगलवार को पब्लिसिटी कमेटी के चेयरमैन सुमित हृदयेश के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ता तिकोनिया चौराहे पर इकट्ठा हुए। यहां उन्होंने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सुमित हृदयेश ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद के रामगढ़ स्थित घर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने फायरिंग, पथराव और आगजनी कर घोर अराजकता की है। कुमाऊं की शांत वादियों में पहली बार सुना कि महिला को बंदूक की नोक पर डराने की कोशिश की गई है। उन्होंने कहा कि इन अराजक तत्वों को चिन्हित कर जेल भेजना चाहिए।
महानगर अध्यक्ष राहुल छिमवाल ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं का एक तरह का तांडव पहाड़ी राज्य में देखने को मिल रहा है जो कि बहुत शर्मनाक है। सरकार को इस तरह की घिनौनी हरकत करने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ कठोर धाराओं में मुकदमा दर्ज करना चाहिए। वहीं इस घटना के लिए भाजपा को प्रदेश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि यह सरकार की जिम्मेदारी है कि भविष्य में इस तरह की अराजकता की पुनरावृति नहीं हो। इस अवसर पर प्रयाग भट्ट, हुकुम सिंह कुंवर, वरुण प्रताप सिंह भाकुनी, मयंक भट्ट, गिरीश पांडे, बहादुर बिष्ट, शोभा बिष्ट, शशि वर्मा, दीप्ति तिवारी, शाहिना सिद्दीकी, बबीता उप्रेती, मनीष चौहान, नितिन भट्ट, हेम पांडे, विकास, संजीव पंत, नेत्र बल्लभ जोशी, रोहित भट्ट, जगमोहन चिलवाल, प्रदीप बिष्ट आदि मौजूद थे
