बरेली: शादी के लिए विभाग ढूंढ़ रहा गरीब जोड़े, करें आवेदन
बरेली, अमृत विचार। कोराना काल की वजह से सुस्त पड़ी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना को शासन से हरी झंडी मिल गई है। दिसंबर में शुभ मुहूर्त पर युवक-युवतियां सात फेरे लेंगे। शासन ने 10 दिसंबर तक हर हाल में लक्ष्य को पूरा करने का निर्देश दिया है। डीएम ने सभी ब्लॉक व नगर निकायों को …
बरेली, अमृत विचार। कोराना काल की वजह से सुस्त पड़ी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना को शासन से हरी झंडी मिल गई है। दिसंबर में शुभ मुहूर्त पर युवक-युवतियां सात फेरे लेंगे। शासन ने 10 दिसंबर तक हर हाल में लक्ष्य को पूरा करने का निर्देश दिया है। डीएम ने सभी ब्लॉक व नगर निकायों को मिलाकर 700 जोड़े जुटाने का लक्ष्य आवंटित किया है। इसके बाद विवाह योजना के लिए गरीब कन्याएं ढूंढ़ी जा रही है। नगर निगम 50, ब्लॉक 25 से 35, नगर निकाय 10-10 जोड़े जुटाएंगे।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं में से एक है। इस योजना के तहत सरकार अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक वर्ग व सामान्य वर्ग के गरीब व्यक्ति की पुत्रियों की शादी का पूरा खर्च उठाती है। योजना की शुरुआत अक्तूबर 2017 में हुई थी। इसके बाद विभिन्न शुभ मुहूर्तों में सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किए गए। अप्रैल 2019 में कोविड संक्रमण आने के बाद सामूहिक विवाह समारोह के आयोजनों पर ब्रेक लग गया।
संक्रमण की रफ्तार कम होने पर जुलाई में विधानसभावार 225 की शादी रचाई गई थी। गोवर्धन पूजा के बाद शुभ मुहूर्त शुरू होने पर शासन की ओर से सामूहिक विवाह के लिए तिथि तय की जाएगी। वहीं सरकार समाज कल्याण विभाग को प्रत्येक जोड़ों के हिसाब से 51 हजार रुपये की धनराशि मुहैया कराएगी। इसमें 35 हजार रुपये कन्या के खाते में भेजे जाएंगे। 10 हजार रुपये में कन्या को गृहस्थी का सामान दिया जाएगा। 6 हजार रुपये सामूहिक विवाह के आयोजन पर खर्च होगा।
यह है पात्रता का मानक
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के लिए सभी ब्लाकों से आवेदन लिए जा रहे हैं। इसके लिए ऐसे परिवार आवेदन कर सकते हैं, जिनकी सालाना आय अधिकतम दो लाख रुपये तक हो। वर-वधू की आयु 21 साल से कम नहीं होनी चाहिए। गांवों में ब्लाक कार्यालय व नगरों में नगर पंचायत कार्यालयों में आवेदन जमा किए जा रहे हैं। इसका सत्यापन किया जाएगा।
इसमें पात्र पाए जाने पर सामूहिक विवाह के लाभार्थियों की सूची में वर-वधू का नाम शामिल किया जाएगा। अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में आयोजन संपन्न होगा। ‘ मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत गरीब वर-वधू की शादी कराई जानी है। इसके लिए लोगों से आवेदन लिए जा रहे हैं। पात्र व्यक्ति ब्लाक व नगर निकाय दफ्तरों में आवेदन पत्र जमा कराएं।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 700 जोड़ों की शादी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। नगर निगम, नगर निकायों और सभी ब्लॉकों को यह लक्ष्य आवंटित कर दिया गया है। दिसंबर माह में समारोह आयोजित किया जाना है। शासन से जल्द तारीख निर्धारित की जाएगी। -मीनाक्षी वर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी
