हल्द्वानी: 32 बोर के असलहे से उपद्रवियों ने झोंके थे सात राउंड फायर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। रामगढ़ के सतखोल स्थित पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सलमान खुर्शीद के घर पर सोमवार को उपद्रवियों ने तोड़फोड़ और आगजनी करने के साथ सात राउंड फायरिंग की थी। मंगलवार को जांच के लिए पहुंची एफएसएल की टीम ने मौके से 32 बोर के सात खोखे बरामद किए हैं। इस मामले …

हल्द्वानी, अमृत विचार। रामगढ़ के सतखोल स्थित पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सलमान खुर्शीद के घर पर सोमवार को उपद्रवियों ने तोड़फोड़ और आगजनी करने के साथ सात राउंड फायरिंग की थी। मंगलवार को जांच के लिए पहुंची एफएसएल की टीम ने मौके से 32 बोर के सात खोखे बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस की तीन टीमें बना दी गई हैं, जो फिलहाल वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे उपद्रवियों की पहचान और गिरफ्तारी में जुट गई हैं। मामले में एक नामजद जिला पंचायत सदस्य का पति राकेश कपिल फिलहाल फरार है।

सलमान खुर्शीद के खिलाफ यह सारा उबाल उनकी विवादित किताब ‘सनराइज ओवर अयोध्या : नेशनहुड इन आवर टाइम्स’ की वजह से पैदा हुआ है। सोमवार दोपहर नाराज लोगों ने पहले सलमान खुर्शीद के घर पर पुतला फूंका और फिर नारेबाजी की। इसके बाद सलमान के घर के मुख्य दरवाजे में आग लगाई और घर में तोड़फोड़ शुरू कर दी। दहशत फैलाने के लिए उपद्रवियों ने सात राउंड फायर किए। मौके पर मौजूद केयरटेकर सुंदर राम ने इसका विरोध किया तो उपद्रवियों ने सुंदर राम, उसकी पत्नी नंदी देवी और बहू अनीता देवी के साथ अभद्र व्यवहार, गाली गलौज की। इसके बाद सभी मौके से फरार हो गए।

इस मामले में सोमवार को ही मुख्य आरोपी जिला पंचायत सदस्य के पति राकेश कपिल के खिलाफ पुलिस ने धारा 402, 427, 504, 436, 147 व 148 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। जबकि रिपोर्ट में 15 से 20 लोग अज्ञात हैं। घटना के दौरान बना एक वीडियो वायरल हुआ, जिसकी पुलिस जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि वीडियो में मौजूद लोगों की पहचान कराई जा रही है। पहचान और गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित कर दी गई हैं।

मुख्य आरोपी राकेश कपिल की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। जबकि अन्य 15 से 20 अज्ञात लोगों की वीडियो के जरिये शिनाख्त की जा रही है। तीन टीमें गठित कर दी गई हैं, जो शिनाख्त और गिरफ्तारी के काम में लगी हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एफएसएल की टीम ने घटनास्थल पर जांच कर 32 बोर के सात खोखे बरामद किए हैं।-भूपेंद्र सिंह धौनी, सीओ भवाली

आग लगाने के बाद घबरा गए थे उपद्रवी
बताया जाता है कि उपद्रवी अपने साथ पेट्रोल लेकर आए थे और इस पेट्रोल का उपयोग उन्होंने सलमान खुर्शीद के घर को जलाने के लिए किया। पेट्रोल को घर के मुख्य द्वार पर डाल कर आग लगाई है। पेट्रोल के कारण आग तेजी से फैली और यह देख कर उपद्रवी भी घबरा गए। बताया जाता है कि आग बेकाबू होता देख उपद्रवियों में मौजूद कुछ लोगों ने आग बुझाने की भी कोशिश की।

रिपोर्ट में नहीं है किसी संगठन का जिक्र
केयर टेकर सुंदर राम ने सोमवार को घटना के बाद बताया था कि आगजनी और फायरिंग करने वाले लोगों ने हाथ में भाजपा का झंडा थाम रखा था। उनमें से कुछ लोग बजरंग दल और कुछ विश्व हिंदू परिषद के थे। हालांकि यह केवल आरोप है, इसकी प्रमाणिकता नहीं है और न ही पुलिस ने दर्ज रिपोर्ट में किसी संगठन का जिक्र किया है। हां, आरोपियों में राकेश कपिल जरूर जिला पंचायत सदस्य का पति है।

संबंधित समाचार