बरेली: श्रद्धालुओं की भीड़ से लगे जाम में डीएम की कार भी फंसी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। चौबारी मेले में स्नान के लिए कार्तिक पूर्णिमा पर करीब एक लाख लोगों की भीड़ जुट गई। अचानक वाहनों की संख्या बढ़ने से लाल फाटक के साथ बदायूं रोड पर सुबह से शाम तक जाम लगता और खुलता रहा। फाटक बंद होने से दोनों मार्गों पर जाम बढ़ गया और घंटों तक …

बरेली, अमृत विचार। चौबारी मेले में स्नान के लिए कार्तिक पूर्णिमा पर करीब एक लाख लोगों की भीड़ जुट गई। अचानक वाहनों की संख्या बढ़ने से लाल फाटक के साथ बदायूं रोड पर सुबह से शाम तक जाम लगता और खुलता रहा। फाटक बंद होने से दोनों मार्गों पर जाम बढ़ गया और घंटों तक वाहन रेंगते रहे। जाम में एंबुलेंस के साथ डीएम की कार भी फंस गई।

शुक्रवार को रामगंगा में ब्रह्म महूर्त में ही स्नान के लिए श्रद्धालु रात में ही मेला गाउंड पहुंच गए। सुबह भी सैकड़ों लोग वाहनों से रामगंगा जाने के लिए निकल पड़े। अचानक वाहनों का लोड बढ़ने से लाल फाटक से लेकर रामगंगा तक जाम लगता और खुलता रहा। वहीं बदायूं रोड पर चौपुला पुल के कारण बार-बार जाम लगता रहा।

सुबह डीएम मानवेंद्र सिंह मेला ग्राउंड में जाने के लिए निकले लेकिन उन्हें भी लाल फाटक पर जाम का सामना करना पड़ा। उनका वाहन भी काफी देर तक जाम में फंसा रहा। इसकी जानकारी होने पर ट्रैफिक पुलिस के सिपाही मौके पर दौड़े। लाल फाटक बंद होने और खुलने के चलते वहां पर जाम की समस्या बार बार बनती बिगड़ती रही।

चौपुला पर भी लगा जाम
रामगंगा जाने के लिए वाहनों की आवाजाही बढ़ी तो सुबह से चौपुला पुल पर भी जाम की समस्या बनी रही। सवारी वहानों के चलने से वहां भी बार-बार लंबा जाम लगता रहा। इसके चलते चौपुला पुल के नीचे वाहनों की लंबी लाइन लगी रही।

सेटेलाइट पर भी रुकी वहानों की रफ्तार
सेटेलाइट पर सुबह और शाम को वाहनों की संख्या बढ़ने से लंबा जाम लग गया। सुबह रामगंगा जाने और शाम को वाहनों के लौटने के कारण यह स्थित बनी रही। शाम को इंस्पेक्टर नीरज मलिक खुद सेटेलाइट पहुंचे और जाम को खुलवाया।

रेलवे फाटक बंद होने के कारण कुछ समय के लिए वहां पर जाम लगता है। लेकिन फाटक खुलते ही वाहन फर्राटा भर देते है। मेले को लेकर अच्छे इंतजाम किए गए थे। इससे जाम लगने की नौबत कहीं नहीं रही। -राम मोहन सिंह, एसपी ट्रैफिक

संबंधित समाचार