मुरादाबाद : हंगामा करने वाली बच्चियों को रैन बसेरा में किया जाएगा शिफ्ट
मुरादाबाद, अमृत विचार। काउंसलिंग के लिए लाई गई बच्चियों द्वारा चाइल्ड लाइन के कार्यालय में तोड़फोड़ करने के बाद उनको रैन बसेरा या फिर शेल्टर होम में शिफ्ट करने की तैयारी कर ली गई है। चाइल्ड लाइन के पदाधिकारियों की गुजारिश पर बाल कल्याण समिति के पदाधिकारियों व इंटेलीजेंस ने पूरे मामले की जानकारी ली। …
मुरादाबाद, अमृत विचार। काउंसलिंग के लिए लाई गई बच्चियों द्वारा चाइल्ड लाइन के कार्यालय में तोड़फोड़ करने के बाद उनको रैन बसेरा या फिर शेल्टर होम में शिफ्ट करने की तैयारी कर ली गई है। चाइल्ड लाइन के पदाधिकारियों की गुजारिश पर बाल कल्याण समिति के पदाधिकारियों व इंटेलीजेंस ने पूरे मामले की जानकारी ली।
पांच दिन पहले रेलवे स्टेशन के आसपास घूमने वाली बच्चियों ने एक एक्सपोर्टर व उसके चालक पर नशा देकर छेड़छाड़ करने का आरोप लगाते हुए सनसनी फैला दी थी। एक भाजपा महिला नेत्री की शिकायत पर शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी चालक का चालान कर दिया है। महानगर के इस चर्चित मामले ने कोतवाली पुलिस के होश उड़ा रखे हैं।
आरोप लगाने के बाद बच्चियां गायब हो गई थी, रिपोर्ट दर्ज करने के बाद कोतवाली पुलिस ने किसी तरह से बच्चियों को बरामद किया और गुरुवार को काउंसलिंग के लिए जिगर कालोनी स्थित चाइल्ड लाइन के कार्यालय पर भेज दिया। पुलिस ने तीन बच्चियों व एक बालक को यहां पर भेजा है। बताते हैं कि शुक्रवार को सभी वापस रेलवे स्टेशन जाने की जिद कर रहे थे। इंकार करने पर शाम को बच्चियां भड़क गई और उन्होंने हंगामा करना शुरू कर दिया। आरोप है कि कार्यालय पर तोड़फोड़ शुरू कर दी।
कुर्सियां-मेज के साथ ही अलमारियों में रखा सामान फेंक दिया। लैपटाप छीनकर तोड़ने का प्रयास किया। मौजूद महिला कर्मी रीता सिंह ने जब रोकने का प्रयास किया तो उनके साथ मारपीट और चेहरे पर नाखून मारकर घायल कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह से मामले को शांत कराया। इस मामले में शनिवार को बाल कल्याण समिति व इंटेलीजेंस ने संज्ञान लिया। पूरे मामले की जानकारी करने के बाद बच्चियों को रैन बसेरा या फिर शेल्टर होम में शिफ्ट करने की कवायद शुरू कर दी।
