नैनीताल: भीमताल प्रमुख हरीश बिष्ट भी थाम सकते है कांग्रेस का दामन
पवन सिंह कुंवर, अमृत विचार। यशपाल और संजीव आर्य द्वारा भाजपा छोड़ने के बाद अब भाजपा को एक ओर झटका लग सकता है। भीमताल ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट भी भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। अगर ऐसा होता है तो भीमताल विधानसभा सीट पर कांग्रेस को चुनाव से पहले एक मजबूत साथ …
पवन सिंह कुंवर, अमृत विचार। यशपाल और संजीव आर्य द्वारा भाजपा छोड़ने के बाद अब भाजपा को एक ओर झटका लग सकता है। भीमताल ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट भी भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। अगर ऐसा होता है तो भीमताल विधानसभा सीट पर कांग्रेस को चुनाव से पहले एक मजबूत साथ मिल सकता है।

शनिवार को यशपाल और संजीव आर्य दोनों ही ब्लॉक प्रमुख के गेठिया स्थित निवास पर पहुंचें। यहां चाय पर इन लोगों में काफी देर चर्चा होती रही। हालांकि इसे दोनों ही पक्ष आम मुलाकात बता रहे हैं लेकिन इसके राजनीतिक कयास लगाए जा रहे हैं। बताया जाता है कि पिछले कई दिनों से भीमताल ब्लॉक प्रमुख भाजपा से असंतुष्ट चल रहे हैं। वो पहले भी कांग्रेस में थे। दो साल पहले ही उन्होंने भाजपा का दामन थामा था। इधर आर्य परिवार कांग्रेस में फिर से शामिल होने के बाद अपने पुराने परिचितों को भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल कराने के अभियान में जुटा हुआ है।

अगर आने वाले दिनों में डा. हरीश बिष्ट कांग्रेस में शामिल हो गए तो इसका असर भीमताल विधानसभा सीट पर पड़ेगा। जहां से भाजपा के टिकट पर राम सिंह कैड़ा को टिकट दिए जाने की प्रबल संभावना है। आर्य परिवार अपने असर वाले इलाकों में अनुसूचित जाति के वोटों का ध्रुवीकरण कांग्रेस के पक्ष में करने में जुटा हुआ है। इन वोटों पर कांग्रेस की हाल में पकड़ कुछ कमजोर हुई थी। साथ ही यशपाल आर्य भाजपा के बड़े चेहरों को भी कांग्रेस में शामिल कराकर उसे दोतरफा नुकसान पहुंचाना चाहते हैं।
राजनीति का 40 सालों का है अनुभव
ब्लॅाक प्रमुख डॉ. बिष्ट का राजनीति जीवन में करीब 40 सालों का है। छात्र नेता से राजनीति की शरूआत करने वाले हरीश बिष्ट कई बार गांव के ग्राम प्रधान, चार बार भीमताल ब्लॉक प्रमुख और तीन बार जिला पंचायत सदस्य रह चुके है। उनकी ग्रामीण मतदाताओं पर अच्छी पकड़ जाती है। क्षेत्र में पुराना नाम होने की वजह से हर पार्टी उनका साथ चाहती है। इसलिए कांग्रेस उनको अपने पाले में लाने के लिए कोशिश कर रही है। वर्तमान में डॉ. हरीश बिष्ट की पत्नी गीता बिष्ट भी जिला पंचायत सदस्य हैं।
यशपाल आर्य और संजीव आर्य के साथ सामान्य शिष्टाचार मुलाकात थी। मैं भाजपा का अनुशासित कार्यकर्ता हूं ऐसे में पार्टी छोड़ने की कोई बात नहीं है। चर्चाओं का क्या है ये तो होती रहती हैं। -डॉ. हरीश बिष्ट, ब्लॉक प्रमुख, भीमताल
