बरेली: आप पार्टी की महिला नेता पर जानलेवा हमला, कार पर पथराव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। आप पार्टी की महिला नेता की गाड़ी पर बाइक सवार ने हमला कर दिया। आरोप है कि महिला को गाड़ी से खींचकर पीटा। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने महिला को बाइक सवारों से छुड़वाया और अस्पताल भेजा। महिला के पति की ओर से प्रेमनगर थाने में तहरीर दी गई है। इज्जतनगर …

बरेली, अमृत विचार। आप पार्टी की महिला नेता की गाड़ी पर बाइक सवार ने हमला कर दिया। आरोप है कि महिला को गाड़ी से खींचकर पीटा। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने महिला को बाइक सवारों से छुड़वाया और अस्पताल भेजा। महिला के पति की ओर से प्रेमनगर थाने में तहरीर दी गई है।

इज्जतनगर क्षेत्र के परतापुर चौधरी की निवासी कृष्णा भारद्वाज आम आदमी पार्टी की नेता हैं और शहर विधानसभा क्षेत्र से आगामी चुनाव की प्रत्याशी भी हैं। उनके पति राधा कृष्ण भारद्वाज ने बताया कि रविवार शाम करीब 7:30 बजे उनकी पत्नी कृष्णा घर लौट रही थीं। इसी दौरान रास्ते में कुदेशिया ओवरब्रिज पर सामने से दो बाइकों पर आ रहे छह साथ लोगों ने अचानक उनकी कार पर ईंट फेंक दी। शीशा टूटने पर ड्राइवर फईम ने गाड़ी रोक दी।

ड्राइवर फईम ने बताया कि गाड़ी रोकने के बाद बाइक सवार कार के पास आए और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। अन्य युवकों ने गाड़ी का दरवाजा खोलकर कृष्णा को गाड़ी से बाहर खींचा और मारपीट शुरू कर दी। राधाकृष्ण के मुताबिक पत्नी के सिर में गंभीर चोट लगने से वह बेहोश हो गईं। ड्राइवर फईम और परतापुर चौधरी निवासी दुर्गेश कुमार समेत अन्य राहगीरों ने कृष्णा को बचाया। भीड़ एकत्र होती देख बाइक सवार जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।

ड्राइवर घायल आप नेता को लेकर डीडीपुरम स्थित निजी अस्पताल पहुंचा। जहां पर प्राथमिक उपचार हुआ। सिर में गंभीर चोट की वजह से हालत बिगड़ने पर देर रात कृष्णा भारद्वाज को भोजीपुरा स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। महिला नेता के पति ने प्रेमनगर पुलिस को तहरीर दी है। हमला करने वाले मठ लक्ष्मीपुर निवासी एक युवक और उसके साथियों के खिलाफ तहरीर दी है।

सोशल मीडिया पर पहले फायरिंग, फिर मारपीट की सूचना वायरल
महिला नेा कृष्णा पर जानलेवा हमले हुआ। कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर यह सूचना वायरल हो गई। शुरूआत में महिला नेता पर फायरिंग करने की अफवाह तेजी से शहर भर में फैली। कुछ समय बाद पार्टी के मीडिया प्रभारी राजेश कुमार सिंह की ओर से फायरिंग की बात से इंकार करते हुए जानलेवा हमले और मारपीट की सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग घटना स्थल और प्रेमनगर थाने पहुंच गए। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। देर रात थाने पहुंचने वालों में जिलाध्यक्ष विनय कुमार, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष जुल्फिकार, हसन, पीपी सिंह यादव, समित शर्मा, वाहिद अंसारी, तनवीर अंसारी, राजेश सिंह समेत आदि आप नेता मौजूद रहे।

संबंधित समाचार