पुलिस भर्ती में फर्जीवाड़ा का एसटीएफ ने किया पर्दाफाश, सात गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ।  मंगलवार को हुई दारोगा भर्ती की ऑनलाइन परीक्षा में फर्जीवाड़े की बड़ी कोशिश एसटीएफ ने नाकाम कर दी है। एसटीएफ ने आगरा से तीन साल्वरों को दूसरों की जगह परीक्षा देते गिरफ्तार किया। जबकि देवरिया में साल्वर गैंग के तीन सदस्यों को पकड़ा। यह गैंग परीक्षा में नकल कराने का भी इंतजाम कर रहा …

लखनऊ।  मंगलवार को हुई दारोगा भर्ती की ऑनलाइन परीक्षा में फर्जीवाड़े की बड़ी कोशिश एसटीएफ ने नाकाम कर दी है। एसटीएफ ने आगरा से तीन साल्वरों को दूसरों की जगह परीक्षा देते गिरफ्तार किया। जबकि देवरिया में साल्वर गैंग के तीन सदस्यों को पकड़ा। यह गैंग परीक्षा में नकल कराने का भी इंतजाम कर रहा था। एसटीएफ नोएडा यूनिट के एसपी कुलदीप नारायण ने बताया कि जानकारी मिली थी कि ऑनलाइन परीक्षा में अलीगढ़ के इगलास निवासी बंटी कुमार और राजकुमार साल्वर बैठा रहे हैं।

एसटीएफ टीम ने सोमवार को नोएडा से राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद जानकारी मिली कि इगलास निवासी बंटी ने खंदौली क्षेत्र में एक परीक्षा केंद्र पर हरेंद्र सिंह के स्थान पर अविनाश कुमार को परीक्षा में बैठाने का ठेका लिया है। सोमवार दोपहर एक टीम खंदौली क्षेत्र के गांव पोइया स्थित श्रीलाल सिंह डिग्री कालेज पहुंच गई। केंद्र के बाहर से ही एसटीएफ ने सबसे पहले साल्वर बिहार के मुंगेर निवासी अविनाश कुमार को पकड़ लिया। उसके बाद अभ्यर्थी बुलंदशहर के अनूपशहर निवासी हरेंद्र सिंह और एजेंट अलीगढ़ के इगलास निवासी बंटी कुमार को एसटीएफ ने गिरफ्तार कर लिया।

शातिरों से अभी उनके नेटवर्क के बारे में पूछताछ की जा रही है। बंटी कुमार ने पूछताछ में बताया कि राजकुमार उसका साथी है। दोनों अभ्यर्थियों को सरकारी नौकरी दिलाने के लिए सॉल्वर मुहैया कराते हैं। वर्ष 2017 से वे इस काम में लिप्त है। वर्ष 2019 में उसकी मुलाकात एक शादी में हरेंद्र सिंह से हुई थी। हरेंद्र ने सरकारी नौकरी की इच्छा जाहिर की। उन्होंने उसका नंबर ले लिया। उससे कहा कि कभी परीक्षा में बैठो तो बता देना। सॉल्वर को बैठा दिया जाएगा। बंटी ने बताया कि उसने पांच लाख रुपये में हरेंद्र सिंह को पास कराने का ठेका लिया था। अविनाश कुमार उसका दोस्त है।

उधर, एसटीएफ ने देवरिया से गोरखपुर निवासी कलस्टर हेड अनुभव सिंह पुत्र दिनेश सिंह, नित्यानन्द गौड़ पुत्र परशुराम गौड़ निवासी जिला महराजगंज और सेनापति साहनी श्यामवली साहनी निवासी गोरखपुर को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से दो आधार कार्ड, मोबाइल, पेन ड्राइव, पैन कार्ड आदि बरामद हुआ है। अनुभव सिंह ऑनलाइन परीक्षा केंद्र का कल्स्टर हेड है। यह अपने साथियों के साथ मिलकर 15 लाख रुपये में गोरखपुर में नकल कराने का इंतजाम कर रहा था।

उसने कई केंद्रों में यह इंतजाम किया था। जहां सीसीटीवी आदि बंद करके नकल कराने की तैयारी थी। पूछताछ में इन लोगों ने बताया कि उन्होंने बड़ी संख्या में नकल की और साल्वर बैठाने की तैयारी की थी, लेकिन गोरखपुर का केंद्र बदल जाने से वह ऐसा नहीं कर पाए थे। एसटीएफ उनके बाकी साथियों की भी तलाश कर रही है। इन सभी के खिलाफ गोरखपुर के रामगढ़ताल थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।

संबंधित समाचार