अयोध्या: संदिग्ध परिस्थितियों में किसान का कुएं में मिला शव, जानें पूरा मामला
अमानीगंज (अयोध्या)। छुट्टा पशुओं से अपनी फसल की रखवाली करने के लिए निकले किसान का संदिग्ध परिस्थितियों में खेत से कुछ दूरी पर स्थित कुएं में शव मिला है। किसान का जूता कुएं से कुछ दूरी पर पड़ा हुआ मिला है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। खंडासा थाना क्षेत्र के …
अमानीगंज (अयोध्या)। छुट्टा पशुओं से अपनी फसल की रखवाली करने के लिए निकले किसान का संदिग्ध परिस्थितियों में खेत से कुछ दूरी पर स्थित कुएं में शव मिला है। किसान का जूता कुएं से कुछ दूरी पर पड़ा हुआ मिला है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
खंडासा थाना क्षेत्र के कंधई कला गांव निवासी अखिलेश सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि उसके पिता नरेंद्र सिंह (49) रोज की भांति 25 नवंबर को रात 10 बजे घर से खाना खाने के बाद फसलों को छुट्टा पशुओं से बचाने के लिए रखवाली करने के लिए खेत पर लगे ट्यूबवेल पर गए थे। जहां से सुबह न लौटने पर जब उनकी खोजबीन शुरू की गई तो उनका शव खेत से कुछ दूरी पर स्थित पुराने कुएं में उतराता हुआ मिला।
पढ़ें: 15वें अयोध्या फिल्म फेस्टिवल का आगाज शनिवार से, सिनेमा जगत की हस्तियों का लगेगा जमावड़ा
जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। परिजनों के अनुसार कुएं से थोड़ी दूरी पर नरेंद्र सिंह का जूता पड़ा हुआ मिला है। जूते के पास पशुओं के खुरचालने के चिन्ह पाए गए हैं। जिससे इस बात की संभावना बढ़ गई है कि छुट्टा पशुओं से बचने के लिए नरेंद्र सिंह भागे होंगे और वह कुएं में गिर गए।
इसके पहले क्षेत्र में छुट्टा पशुओं से एक 58 वर्षीय किसान की राय पट्टी गांव में मौत हो चुकी है। कंदई कला चौकी के प्रभारी ब्रह्म दत्त पांडे ने बताया कि शव को पंचनामा करवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। साथ ही गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि नरेंद्र सिंह की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी और वह छुट्टा पशुओं के हमले का शिकार हो गए हैं।
