हल्द्वानी: चार दिन से निगम की अनुमति के बगैर चल रही नुमाइश और मेयर ने कर दिया उद्घाटन

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। शहरी विकास मंत्री बंशीधर भगत का गृह निवास क्षेत्र फिर भी नगर निगम को ठेंगा दिखाकर प्रदर्शनी बेरोकटोक जारी है। हैरानी की बात यह है कि नगर निगम ने अब तक प्रदर्शनी को लेकर कोई अनुमति नहीं दी और निगम के मुखिया मेयर डॉ. जोगेंद्र सिंह रौतेला ने नुमाइश का फीता काट …

हल्द्वानी, अमृत विचार। शहरी विकास मंत्री बंशीधर भगत का गृह निवास क्षेत्र फिर भी नगर निगम को ठेंगा दिखाकर प्रदर्शनी बेरोकटोक जारी है। हैरानी की बात यह है कि नगर निगम ने अब तक प्रदर्शनी को लेकर कोई अनुमति नहीं दी और निगम के मुखिया मेयर डॉ. जोगेंद्र सिंह रौतेला ने नुमाइश का फीता काट दिया। नतीजा यह हुआ कि अब प्रदर्शनी के आयोजक पर अधिकारी भी कार्रवाई से कतरा रहे हैं।

दरअसल नगरीय क्षेत्र में कोई भी प्रदर्शनी लगती है तो उसका शुल्क कर के रूप में संबंधित निकाय में चुकाना अनिवार्य होता है। चूंकि नुमाइश कुछ समय के लिए ही लगाई जाती है इसलिए उसके शुरू होने से पहले ही आयोजक को यह शुल्क जमा करना जरूरी होता है लेकिन इन नियमों को पूरी तरह से ताक पर रखकर 24 नवंबर को प्रदर्शनी का फीता काट दिया गया। उद्घाटन में शहरी विकास मंत्री को भी आमंत्रित किया गया था लेकिन वह नहीं पहुंचे। उनके न आने पर महानगर के मुखिया ने फीता काट दिया।

कार्यक्रम में नगर निगम के अधिकारी भी शामिल हुए थे लेकिन बावजूद इसके प्रदर्शनी का शुल्क जमा करा पाना नगर निगम अफसरों के लिए भी आसान नहीं लग रहा है। अधिकारियों को राजस्व नुकसान की चिंता तो सता रही है लेकिन उनकी कार्रवाई आगे नहीं बढ़ पा रही है।

नगर निगम को क्या है अधिकार
– प्रदर्शनी लगाए जाने पर नगर निगम शुल्क वसूलता है
– जितने क्षेत्रफल में नुमाइश लगेगी, उसकी नपाई के बाद यह शुल्क निर्धारित होता है
– इसके साथ ही स्वच्छता कर भी प्रदर्शनी आयोजक को जमा करना होता है
– शुल्क जमा करने के बाद ही प्रदर्शनी को लगाने की अनुमति दी जाती है
– नियम उल्लंघन होने पर नगर निगम कार्रवाई करते हुए प्रदर्शनी बंद करा सकता है

जनप्रतिनिधि होने के नाते महानगर में हो रही प्रदर्शनी आयोजन का उद्घाटन किया है। क्षेत्रफल की नपाई हो चुकी है। प्रदर्शनी व स्वच्छता कर तीन दिन के भीतर जमा करने को कहा गया है। – डॉ. जोगेंद्र रौतेला, मेयर

 

संबंधित समाचार