UPTET 2021: अभ्यर्थी बोलें- सरकार फेल हो गई है, आने वाले चुनाव में नतीजा सबके सामने होगा
अयोध्या। पेपर लीक होने के कारण UPTET की परीक्षा स्थगित होते ही अभ्यार्थियों में जबरदस्त उबाल आ गया है। जनपद में 51 केंद्रों पर टेट देने के लिए लगभग 55 हजार अभ्यार्थी यहां पहुंचे थे। उन्हें जैसे ही पेपर स्थगित होने की सूचना मिली तो उनका गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। किसी भी तरह …
अयोध्या। पेपर लीक होने के कारण UPTET की परीक्षा स्थगित होते ही अभ्यार्थियों में जबरदस्त उबाल आ गया है। जनपद में 51 केंद्रों पर टेट देने के लिए लगभग 55 हजार अभ्यार्थी यहां पहुंचे थे। उन्हें जैसे ही पेपर स्थगित होने की सूचना मिली तो उनका गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। किसी भी तरह की अप्रिय घटना न घटे इसलिए हर सेंटर के बाहर पुलिस फोर्स बढ़ा दी गई थी।
अभ्यार्थियों ने कोसते हुए कहा कि सरकार नौकरी ही नहीं देना चाहती। वह केवल फॉर्म भरवाकर चुनाव के लिए पैसे इकट्ठा कर रही है। प्रदेश की सरकार फेल हो गई है। जिसका जवाब उसे आने वाले चुनाव में मिल जाएगा। वहीं टेट देने के लिए लखनऊ, गोंडा, आंबेडकरनगर व सुल्तानपुर के जिलों से भी अभ्यर्थी यहां पहुंचे थे। शनिवार की देर शाम ही परीक्षार्थियों का मेला यहां जुटने लगा था।
पढ़ें: रायबरेली: सरस्वती शिशु मंदिर में हर्षोल्लास से मनाया गया अमृत महोत्सव
सुबह पहली पाली में 10 बजे से साढ़े 12 बजे तक प्राइमरी के लिए पेपर होना था। जिसमें लगभग 36 हजार अभ्यार्थियों ने परीक्षा देनी थी। दस बजे से पहले अभ्यार्थी अपने-अपने सेंटर पर पहुंच गए और परीक्षा केंद्रों में प्रवेश भी ले लिया। थोड़ी देर बाद जिलाधिकारी नितीश कुमार की तरफ से सभी सेंटर पर पेपर स्थगित करने की सूचना प्रेषित कर दी गई। इसके बाद अभ्यार्थियों ने सरकार को खूब कोसा। उन्होंने कहा कि इतना पैसा खर्च करने के बाद पेपर देने आए तो स्थगित कर दिया गया। सरकार की इच्छा ही नहीं है कि लोगों को नौकरी मिले।
कई विद्यालयों में तो पेपर खत्म होने के आधे घंटे पहले अभ्यार्थियों को पेपर स्थगित करने की सूचना दी गई तो उन्होंने अध्यापकों से बहसबाजी करनी शुरू कर दी। हालांकि प्रशासन ने किसी भी अनहोनी से निपटने से पहले ही हर सेंटर पर अतिरिक्त पुलिस बल लगा दिया था। जैसे ही अभ्यार्थी पेपर देकर छूटे उन्हें घर जाने को कह दिया गया था। कोटसराय स्थित उर्मिला कॉलेज में परीक्षा देने पहुंचीं जूही श्रीवास्तव ने कहा कि 2011 के बाद से इतना सरल पेपर आया था, लेकिन लगता है कि सरकार शिक्षकों की भर्ती करने के मूड में नहीं है।
अभ्यार्थियों ने खूब कोसा…
- टेट देने के लिए कोचिंग की थी। इतने दिन तक तैयारी की, लेकिन एकाएक परीक्षा स्थगित कर सरकार अभ्यार्थियों के साथ मजाक कर रही है।
उमापति, कुमारगंज, सेंटर-मनोहर लाल इंटर कॉलेज
- पहले भी कई परीक्षाओं के पेपर आउट हो चुके हैं। हर चीज में सख्ती दिखाने वाली सरकार ऐसे लोगों पर नकेल नहीं कस पा रही है।
पल्लवी सिन्हा, लखनऊ, सेंटर-मनोहर लाल इंटर कॉलेज
- सरकार शिक्षकों की भर्ती ही नहीं करना चाहती। इसका जवाब उसे आने वाले चुनाव में मिल जाएगा
दीपक कनौजिया, गोसाईगंज, सेंटर-मनोहर लाल इंटर कॉलेज
- सरकार सिर्फ फॉर्म भरवाकर पैसे बर्बाद करवा रही है। नाकाम सरकार अपने चुनाव के लिए पैसे इकट्ठा कर रही है
विपिन चौधरी, बस्ती, सेंटर-मनोहर लाल इंटर कॉलेज
दो मीटिंग में होनी थी परीक्षा…
शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) रविवार को सख्त पहरे में जनपद के 51 केंद्रों पर दो पालियों में होनी थी। जिसमें 55 हजार अभ्यार्थी परीक्षा देने के लिए जिले में आए थे। इसमें जनपद के भी अभ्यार्थी शामिल थे। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस कर्मियों के अलावा एसटीएफ भी सक्रिय थी। इसमें 17 सेक्टर मजिस्ट्रेट व 102 पर्यवेक्षकों की ड्यूटी लगाई गई थी। पहली पाली में प्राइमरी के लिए सुबह दस से दोपहर 12.30 बजे तक परीक्षा होनी थी। जबकि जूनियर के लिए दूसरी पाली में दोपहर 2.30 से शाम पांच बजे तक पेपर होना था। पहली पाली में 36 व दूसरी पाली में लगभग 19 हजार अभ्यार्थियों को सम्मिलित होना था।
