हल्द्वानी: शुरू ही नहीं हो सकी मुख्यमंत्री धामी की ‘अपणि सरकार’, लांच होने के बाद से पोर्टल ठप
हल्द्वानी, अमृत विचार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का अपणि सरकार पोर्टल शुरू ही नहीं हो सका है। 17 नवंबर को लांचिंग के वक्त जो दावा किया गया था, सरकार का वह दावा तकनीकी खामियों और अधूरी तैयारियों के कारण बेदम साबित हुआ है। आनन-फानन में उत्तराखंड ई-डिस्ट्रिक्ट की सेवाएं इस पोर्टल पर ट्रांसफर कर ली …
हल्द्वानी, अमृत विचार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का अपणि सरकार पोर्टल शुरू ही नहीं हो सका है। 17 नवंबर को लांचिंग के वक्त जो दावा किया गया था, सरकार का वह दावा तकनीकी खामियों और अधूरी तैयारियों के कारण बेदम साबित हुआ है। आनन-फानन में उत्तराखंड ई-डिस्ट्रिक्ट की सेवाएं इस पोर्टल पर ट्रांसफर कर ली गईं, लेकिन अब जब पोर्टल ही नहीं चल रहा है तो लोगों को इसका खामियाजा भुगतने को मजबूर होना पड़ रहा है।
जनता में सरकार की बेहतर छवि और करीबी बढ़ाने के लिए उत्तराखंड ई-डिस्ट्रक्ट पोर्टल के स्थान पर अपणि सरकार पोर्टल को लाया गया था। इस पोर्टल में जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, पेंशन, स्थाई प्रमाण पत्र आदि नगर निगम सहित दस विभागों की 75 सेवाएं शामिल करने की बात कही गई थी। 11 दिन पहले राजधानी से मुख्यमंत्री ने इसका शुभारंभ किया। बताया गया कि यह पोर्टल सुविधाएं तो देगा ही, साथ ही भ्रष्टाचार पर भी लगाम लगा सकेगा। फिलहाल पोर्टल ही शुरू नहीं हो सका है। नतीजा यह है कि पोर्टल चालू नहीं होने से लोगों को भटकने को मजबूर होना पड़ रहा है। जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्रों को लेकर नगर निगम पहुंच रहे लोगों को पोर्टल बंद होने की बात कहकर टहला दिया जा रहा है।
ऑपरेटरों को अब तक नहीं मिला प्रशिक्षण
अपणि सरकार पोर्टल को लेकर कितनी जल्दबाजी और अधूरी तैयारी की गई, इस बात से समझा जा सकता है। नगर निगम के उन कर्मचारियों को प्रशिक्षण तक नहीं दिया गया, जिन्हें इस पोर्टल पर काम करना है। नगर निगम की कई सेवाएं इस पोर्टल के माध्यम से ही जनता के लिए जारी की जा सकेंगी। लेकिन न ही लांच होने से पहले और न ही लांच होने के बाद कर्मचारियों के लिए कोई वर्कशाप शुरू की जा सकी।
सर्विस प्लस पोर्टल भी अब तक चालू नहींनगर निगम और नैनीताल विकास प्राधिकरण की 11 सेवाओं को जनता के लिए शुरू करने को सर्विस प्लस पोर्टल चालू किया जाना था। सचिवालय से इसको लेकर काम चल रहा है, लेकिन अब तक इसे चालू नहीं किया जा सका है। कर अधीक्षक महेश पाठक ने बताया कि इस पोर्टल की अभी टेस्टिंग चल रही है। विभिन्न मदों में कर व शुल्क के अलावा शिकायत दर्ज करने की सहूलियत जनता को मिल सकेगी। पूरी तरह से तैयार होने के बाद इसकी सेवाएं जारी कर दी जाएंगी।
अपणि सरकार पोर्टल को सचिवालय से ही ठीक किया जा रहा है। कुछ कमियों को सुधारने के बाद अपडेट होते ही यह चालू हो जाएगा। – गौरव भसीन, सहायक नगर आयुक्त
