हल्द्वानी: 15 दिन से कोविड केयर सेंटर में इलाज करा रहे बुजुर्ग की मौत
हल्द्वानी, अमृत विचार। सोमवार को एक बार फिर नैनीताल जिले में कोरोना को लेकर थोड़ा दहशत का माहौल बन गया। पिछले 15 दिन से जनरल बीसी जोशी कोविड केयर सेंटर में इलाज करा रहे एक वृद्ध की सोमवार सुबह मौत हो गई। राज्य में कोरोना का प्रकोप बढ़ने के बाद रविवार से रेंडम चेकिंग शुरू …
हल्द्वानी, अमृत विचार। सोमवार को एक बार फिर नैनीताल जिले में कोरोना को लेकर थोड़ा दहशत का माहौल बन गया। पिछले 15 दिन से जनरल बीसी जोशी कोविड केयर सेंटर में इलाज करा रहे एक वृद्ध की सोमवार सुबह मौत हो गई। राज्य में कोरोना का प्रकोप बढ़ने के बाद रविवार से रेंडम चेकिंग शुरू की गई।
सोमवार को इसमें थोड़ी तेजी लाई गई, रविवार को 228 के सापेक्ष सोमवार को 450 से ज्यादा लोगों के सैंपल लिए गए। हल्द्वानी में एमबी इंटर कालेज में चल रही नुमाइश, बाजार क्षेत्र में रेंडम चेकिंग की गई है। सोमवार को आई पिछले सैंपलों की रिपोर्ट में छह लोगों में कोरोना संक्रमण मिला है। इन सभी के घरों के आसपास सैंपलिंग की जा रही है। साथ ही इनसे रोजाना मिलने-जुलने वालों को भी गहन निगरानी में लिया गया है। फिलहाल, इन सभी को आइसोलेट कर दिया गया है। इसी के साथ एक्टिव केसों की संख्या बढ़कर 26 हो गई है।
अभी तकरीबन छह सौ से ज्यादा सैंपल की रिपोर्ट आनी बाकी है। इधर, राजकीय मेडिकल कालेज में बने डीआरडीओ के कोविड केयर सेंटर में नैनीताल निवासी 70 वर्षीय वृद्ध को 15 नवंबर को भर्ती कराया गया था। इन्हें निमोनिया के साथ ही सीने में जकड़न की शिकायत थी। सोमवार की सुबह वृद्ध की मौत हो गई। राजकीय मेडिकल कालेज के प्राचार्य डा.अरुण जोशी ने बताया वृद्ध के शव का कोविड गाइडलाइन के अनुरूप ही अंतिम संस्कार कराया गया है। साथ ही परिजनों को गहन निगरानी में रखा गया है।
