बरेली: सालों की मोहब्बत के बाद प्रेमिका ने परिजनों का चुना घर
बरेली, अमृत विचार। कई सालों की मोहब्बत के बाद प्रेमी जोड़े ने शादी करने का फैसला किया। वह घर से भागकर दूसरे शहर पहुंचे। प्रेमिका के परिजनों ने प्रेमी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। सूचना मिलने पर प्रेमी जोड़ा वापस आ गया। कोर्ट में प्रेमी के खिलाफ परिजनों के द्वारा लगाए गए आरोपों को गलत …
बरेली, अमृत विचार। कई सालों की मोहब्बत के बाद प्रेमी जोड़े ने शादी करने का फैसला किया। वह घर से भागकर दूसरे शहर पहुंचे। प्रेमिका के परिजनों ने प्रेमी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। सूचना मिलने पर प्रेमी जोड़ा वापस आ गया। कोर्ट में प्रेमी के खिलाफ परिजनों के द्वारा लगाए गए आरोपों को गलत बताया लेकिन वह अपने परिजनों से साथ वापस चली गई।
बारादरी थाना क्षेत्र के रहने वाले एक युवक-युवती की जान-पहचान सात साल पहले हुई थी। जल्द ही यह मुलाकात मोहब्बत में बदल गई। इसी दौरान प्रेमिका के परिजनों को बेटी की मोहब्बत का पता चला तो वह इसके दुश्मन बन बैठे और बेटी पर पाबंदियां लगा दीं। तमाम कोशिशों के बाद भी परिजन प्रेमी जोड़े को नहीं तोड़ सके।
वहीं सात साल बाद प्रेमी जोड़े ने शादी करने का मन बनाया और परिजनों की नजरों से बचते हुए रुद्रपुर पहुंच गए। बेटी के गायब होते ही परिजनों ने प्रेमी के खिलाफ बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज करा दी। यह बात जब प्रेमी जोड़े को पता चली तो वह बरेली वापस आए और बारादरी थाने पहुंचकर साथ जीने-मरने की कसमें खाने लगे।
चूंकि मामले में रिपोर्ट दर्ज हो चुकी थी तो पुलिस की भी मजबूरी थी। पुलिस ने प्रेमिका के बयान कराए और उसे कोर्ट में पेश किया। जहां एक तरफ पुलिस थाने में प्रेमी अपनी सात साल की मोहब्बत पर भरोसा और उम्मीद जता रहा था। वहीं दूसरी तरफ कोर्ट में प्रेमिका ने परिजनों द्वारा प्रेमी पर लगाए आरोप को निराधार और गलत ठहराया लेकिन कोर्ट रूम के बाहर आने के बाद अपने रास्ते बदल लिए। देर शाम बारादरी थाने में समझौते के बाद प्रेमी जोड़ा परिजनों के साथ अपने-अपने घर चला गया।
