हल्द्वानी: नुमाइश में गए बच्चे और अभिभावक घरों में होंगे आइसोलेट, पीएसए ने दिए निर्देश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। एमबी इंटर कॉलेज मैदान में नुमाइश की वजह से कोरोना के खतरे को देखते हुए पब्लिक स्कूल एसोसिएशन ने निर्देश जारी कर कहा है कि उनके स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चे और उनके परिजन अगर नुमाइश गए हैं तो वह खुद को घर में आइसोलेट कर लें। पब्लिक स्कूल एसोसिएशन (पीएसए) का …

हल्द्वानी, अमृत विचार। एमबी इंटर कॉलेज मैदान में नुमाइश की वजह से कोरोना के खतरे को देखते हुए पब्लिक स्कूल एसोसिएशन ने निर्देश जारी कर कहा है कि उनके स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चे और उनके परिजन अगर नुमाइश गए हैं तो वह खुद को घर में आइसोलेट कर लें। पब्लिक स्कूल एसोसिएशन (पीएसए) का कहना है कि लोगों को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए।

नैनीताल जिले में कोरोना के बढ़ रहे कहर के बीच चलाई जा रही नुमाइश लोगों के लिए खतरा बनती नजर आ रही है। इस नुमाइश से कोरोना संक्रमण का डर बना हुआ है। राज्य सरकार की ओर से जारी की गई कोरोना गाइड लाइन के अनुसार नुमाइश जैसे आयोजन नहीं होने चाहिए। इसके बावजूद नियमों को ताक पर रखकर नुमाइश का आयोजन करवाया जा रहा है।

इधर, पीएसए ने कोरोना के बढ़ रहे संक्रमण को देखते हुए अपने स्तर पर स्कूली बच्चों की सुरक्षा करने का निर्णय लिया है। पीएसए की ओर से संचालित किए जा रहे स्कूलों की तरफ से उनके स्कूल में पढ़ने वाले अभिभावकों के मोबाइल पर व्हाट्सअप संदेश भेजा रहा है, जिसमें कहा जा रहा है कि आप या आपका कोई परिचित और घर के बच्चे अगर हल्द्वानी में लगी नुमाइश में पिछले दो या तीन दिनों में गए हैं तो वह खुद को आइसोलेट कर लें। संदेश में कहा गया है कि जिम्मेदार नागरिक बने। लोग पीएसए के इस संदेश की सराहना कर रहे हैं और कह रहे हैं कि जहां एक ओर स्थानीय प्रशासन लोगों को कोरोना के भंवर में धकेलने के लिए नुमाइश जैसे आयोजन करवा रहा है तो वहीं दूसरी ओर पीएसए कोरोना संक्रमण देखते हुए लोगों को नुमाइश को लेकर सतर्क कर रहा है।

कोरोना संक्रमण को देखते हुए हल्द्वानी में लगी नुमाइश को लेकर हमारी ओर से दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। जिसके अनुसार नुमाइश में गए बच्चे और उनके अभिभावकों को आइसोलेट होने की सलाह दी गई है। – कैलाश भगत, अध्यक्ष, पब्लिक स्कूल एसोसिएशन

संबंधित समाचार