बरेली: सरकारी अस्पताल में नौकरी के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाला गिरफ्तार
बरेली, अमृत विचार। एनएबीएच अधिकारी बनकर जिला अस्पताल में नौकरी लगवाने का झांसा देकर करोड़ों की ठगी करने वाले जालसाज दीपक तोमर को बारादरी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। चार माह पहले जालसाज और उसके दो साथियों के खिलाफ सरकारी अस्पताल में नौकरी लगवाने के नाम पर करोड़ों की ठगी करने के आरोप में रिपोर्ट …
बरेली, अमृत विचार। एनएबीएच अधिकारी बनकर जिला अस्पताल में नौकरी लगवाने का झांसा देकर करोड़ों की ठगी करने वाले जालसाज दीपक तोमर को बारादरी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। चार माह पहले जालसाज और उसके दो साथियों के खिलाफ सरकारी अस्पताल में नौकरी लगवाने के नाम पर करोड़ों की ठगी करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज करायी गई थी। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था। गुरुवार को पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर आरोपी को जेल भेज दिया।
नबादा शेखान के रामभरोसे ने 31 जुलाई को आरोपी दीपक तोमर और बागपत निवासी संदीप कुमार उर्फ संजय गुर्जर व राजेश कुमार के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रामभरोसे के मुताबिक दीपक तोमर से उनकी मुलाकात दिल्ली में हुई थी जहां उसने खुद को नेशनल एक्रीडिटेशन बोर्ड फॉर हॉस्पिटल्स एंड हेल्थकेयर प्रोवाइडर्स (एनएबीएच) का अधिकारी बताया था। साथ ही उनके बेटे की सरकारी अस्पताल में डॉक्टरों के अटेंडेंट के पद पर नौकरी लगवाने का झांसा देते हुए आठ लाख रुपये की मांग की थी।
जालसाज ने भरोसे में लेने के लिए अपने दोनों साथी संजय गुर्जर व राजेश से बातचीत भी कराई थी। भरोसा होने पर रामभरोसे ने अपने बेटे के नौकरी के लिए चार लाख और भतीजे की नौकरी के लिए आठ लाख आरोपी को दिए थे। इसके बाद से ही मुख्यारोपी फरार होकर दिल्ली पहुंच गया था।
वहीं रिपोर्ट दर्ज होने के बाद बारादरी पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। बारादरी इंस्पेक्टर नीरज मलिक ने बताया कि पूछताछ के दौरान दीपक तोमर ने कई लोगों के साथ करोड़ों की ठगी करने की बात स्वीकार की गई है। वहीं पूछताछ के बाद आरोपी को कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया है। साथ ही पुलिस उसके अन्य साथियों की तलाश में जुटी हुई है।
