बरेली: ओमिक्रॉन का डर, बरेली-लखनऊ की फ्लाइट भी फंसी
बरेली, अमृत विचार। दिल्ली, बेंगलुरू और मुंबई के बाद बरेली-लखनऊ की उड़ान शुरू कराने के लिए एयरवेज कंपनी का नाम अक्टूबर में तय होने के बाद से बरेली के लोग काफी उत्साहित हैं। हाल ही में नागरिक उड्डयन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी बरेली आए तब उनके सामने लखनऊ की उड़ान शुरू कराने का मामला …
बरेली, अमृत विचार। दिल्ली, बेंगलुरू और मुंबई के बाद बरेली-लखनऊ की उड़ान शुरू कराने के लिए एयरवेज कंपनी का नाम अक्टूबर में तय होने के बाद से बरेली के लोग काफी उत्साहित हैं। हाल ही में नागरिक उड्डयन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी बरेली आए तब उनके सामने लखनऊ की उड़ान शुरू कराने का मामला उद्यमियों, व्यापारियों और डाक्टरों ने जोरशोर से उठाया था। मंत्री ने भी जल्द शेड्यूल जारी होने का आश्वासन भी दिया। इससे उम्मीद जगी कि लखनऊ की उड़ान जल्द शुरू हो सकती है, लेकिन दो दिन से कोरोना के नए वैरिएंट ‘ओमिक्रॉन’ के आने का हल्ला मचा है।
इस वैरिएंट को और ज्यादा घातक माना जा रहा है। इसकी वजह से बरेली-लखनऊ उड़ान फंसती नजर आ रही है। ओमिक्रॉन के कई देशों में संक्रमित मरीज मिलने के बाद रेगुलर शुरू होने वाली अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें तक प्रभावित हो गईं हैं। उसी के दृष्टिगत बरेली-लखनऊ फ्लाइट भी प्रभावित होने की बात सामने आ रही है। कोरोना की दूसरी लहर मार्च में जब आई तब मुंबई व बेंगलुरू की उड़ान भी प्रभावित हो गई थीं।
इन उड़ानों को शुरू करने के लिए पूरी तैयारी थी मगर दूसरी लहर का प्रकोप थमने के बाद ही दोनों शहरों के लिए उड़ान शुरू हुई। इधर अक्टूबर में बरेली-लखनऊ की उड़ान को अनुमति मिलने के बाद यह माना जा रहा था कि दिवाली तक उड़ान शुरू हो जाएगी। ट्रूजेट एयरवेज 72 सीटर एटीआर से उड़ान भरेगी लेकिन दिवाली भी निकल गई। नवंबर के अंत तक शेड्यूल जारी होने की सिर्फ चर्चा ही होती रही। कोरोना-19 का एक और वैरिएंट ओमिक्रॉन के कई विदेशों में बड़ी संख्या में केस आने से भारत में भी डर पैदा हो गया। 2 दिसंबर तक ट्रूजेट एयरवेज कंपनी की ओर से बरेली-लखनऊ फ्लाइट को शुरू करने के संबंध में कोई शेड्यूल जारी नहीं किया गया है।
बरेली-लखनऊ के लिए उड़ान ट्रूजेट एयरवेज कंपनी भरेगी लेकिन कंपनी ने अभी तक शेड्यूल जारी नहीं किया है। कंपनी ने काफी समय से कोई पत्राचार नहीं किया है। -राजीव कुलश्रेष्ठ, निदेशक एयरपोर्ट
