हल्द्वानी: अब दून दरबार पहुंचेगा युवा कांग्रेस में महानगर अध्यक्ष की नियुक्ति का विवाद

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। युवा कांग्रेस में आपसी गुटबाजी और अंदरुनी कलह थमने का नाम नहीं ले रही है। हल्द्वानी महानगर अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर हुए विवाद को अब प्रदेश पदाधिकारी दून और दिल्ली दरबार में उठाने जा रहे हैं। युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर ने हेमंत साहू को हल्द्वानी महानगर अध्यक्ष के …

हल्द्वानी, अमृत विचार। युवा कांग्रेस में आपसी गुटबाजी और अंदरुनी कलह थमने का नाम नहीं ले रही है। हल्द्वानी महानगर अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर हुए विवाद को अब प्रदेश पदाधिकारी दून और दिल्ली दरबार में उठाने जा रहे हैं।

युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर ने हेमंत साहू को हल्द्वानी महानगर अध्यक्ष के पद पर नियुक्त किया। इस नियुक्ति को लेकर जिला, प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने विरोध किया और प्रदेश अध्यक्ष भुल्लर पर तानाशाही का आरोप लगाया था। प्रदेश प्रभारी प्रदीप सूर्या ने भी कहा था कि शीर्ष नेतृत्व से वार्ता कर हल्द्वानी महानगर अध्यक्ष की नियुक्ति की जाएगी।

इसके बाद भी बीते बुधवार को साहू का स्वागत समारोह आयोजित किया गया था। इसके विरोध में विधानसभा से जिला स्तर के छह पदाधिकारियों ने सामूहिक इस्तीफा दे दिया था। सामूहिक इस्तीफों के बाद विवाद बढ़ गया है। प्रदेश कार्यकारिणी ने इस मुद्दे को शुक्रवार को दौरे पर आ रहे प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, चुनाव संचालन समिति अध्यक्ष हरीश रावत के सामने उठाने का फैसला किया है। प्रदेश स्तर पर समस्या का समाधान नहीं होने पर शीर्ष नेतृत्व के सामने भी उठाया जा सकता है।

युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर द्वारा की जा रही मनमानी व तानाशाही के विरोध में नैनीताल जिले के कार्यकर्ता शुक्रवार को रामनगर में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के समक्ष उचित कार्रवाई के लिए निवेदन करेंगे। ताकि आम कार्यकर्तओं की आस्था पार्टी के प्रति बनी रहे। – गुरप्रीत सिंह प्रिंस, प्रदेश उपाध्यक्ष युवा कांग्रेस

संबंधित समाचार