मुरादाबाद : कार्य बहिष्कार से कोविड टीकाकरण भी प्रभावित, इलाज पर असर
मुरादाबाद, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के बैनर तले एनएचएम के संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी चौथे दिन शुक्रवार को भी अनिश्चित कालीन कार्य बहिष्कार कर रहे हैं। सीएमओ कार्यालय पर धरना देकर सरकार पर हठधर्मिता का आरोप लगा रहे हैं। जिले में एक हजार से अधिक संविदा स्वास्थ्य कर्मी एनएचएम और …
मुरादाबाद, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के बैनर तले एनएचएम के संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी चौथे दिन शुक्रवार को भी अनिश्चित कालीन कार्य बहिष्कार कर रहे हैं। सीएमओ कार्यालय पर धरना देकर सरकार पर हठधर्मिता का आरोप लगा रहे हैं।
जिले में एक हजार से अधिक संविदा स्वास्थ्य कर्मी एनएचएम और आउटसोर्सिंग से कार्यरत हैं। उनके कार्य बहिष्कार से गर्भवती महिलाओं, बच्चों को बीमारियों से बचाने के लिए होने वाले टीकाकरण के साथ कोविड टीकाकरण का कार्य लगभग ठप है। केवल स्थाई एएनएम और कर्मचारी लोगों को कोविड रोधी टीका लगा रहे हैं। ऐसी स्थिति तब है जब देश में भी कोरोना के नये वेरिएंट ओमिक्रान की दस्तक हो चुकी है।
हड़ताल से इन दिनों टीकाकरण धड़ाम हो रहा है। 30 नवंबर से पहले जहां प्रतिदिन पैंतीस हजार से अधिक लोगों को टीका लग रहा था अब यह दस हजार तक सिमट गया है। हालांकि इसमें राशन वितरण में लगी रोक हटाया जाना भी एक कारण है। कार्य बहिष्कार से सरकारी अस्पताल में मरीजों को समुचित इलाज और जांच की सुविधा नहीं मिल पा रही है।
सीएमओ कार्यालय पर धरने का नेतृत्व कर रहे जिलाध्यक्ष अजीजुर रहीम का कहना है कि चरणबद्ध आंदोलन में सबसे अंत में कार्य बहिष्कार के लिए मजबूर होना पड़ा है। सरकार हमारी विनियमितीकरण, समायोजन, असृजित पदों का विभाग में सृजन आदि मांग पूरा कर दे आंदोलन तुरंत समाप्त कर दिया जाएगा। विरोध करने वालों में जिला महामंत्री विपिन भट्ट, अंकित कुमार शर्मा, राहुल कुमार, आकाश चौधरी, शुभम वर्मा, रामप्रकाश आदि शामिल हैं।
वहीं मुख्य चिकित्साधिकारी डाँ एमसी गर्ग का कहना है यह प्रदेश व्यापी हड़ताल है। इससे कोविड टीकाकरण सहित अन्य कार्य पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। मिशन निदेशक और स्वास्थ्य महानिदेशक को रिपोर्ट भेजकर जल्द समाधान के लिए अनुरोध किया है।
