पीलीभीत: छात्रा की हिम्मत ने अपहरणकर्ताओं के इरादों को किया नाकाम, चलती कार से कूदकर बचाई अपनी जान
बरखेड़ा, पीलीभीत, अमृत विचार। पिछले महीने बरखेड़ा में गैंगरेप के बाद छात्रा की हत्या का अभी ठीक से खुलासा भी नहीं हो पाया था कि इसी बीच बरखेड़ा के एक निजी स्कूल से गैस पेपर खरीदने निकली कक्षा की नौ की छात्रा का दिन दहाड़े कार सवार बदमाशों ने अपहरण कर लिया। छात्रा ने एसपी …
बरखेड़ा, पीलीभीत, अमृत विचार। पिछले महीने बरखेड़ा में गैंगरेप के बाद छात्रा की हत्या का अभी ठीक से खुलासा भी नहीं हो पाया था कि इसी बीच बरखेड़ा के एक निजी स्कूल से गैस पेपर खरीदने निकली कक्षा की नौ की छात्रा का दिन दहाड़े कार सवार बदमाशों ने अपहरण कर लिया। छात्रा ने एसपी दफ्तर से 100 कदम पहले कार से कूदकर किसी तरह अपनी जान बचाई।
बरखेड़ा क्षेत्र से लगभग दो किलोमीटर दूर एक गांव की छात्रा कस्बे के एक निजी स्कूल में कक्षा नौ में पढ़ती है। उसके पिता खेती-बाड़ी करते हैं और मां गृहणी है। वह शुक्रवार सुबह 8.30 बजे स्कूल जाने के लिए घर से निकली। सुबह नौ बजे स्कूल भी पहुंची। क्लास में अपना बैग रखने के बाद छात्रा ने अपनी सहेलियों को बताया कि वह सड़क के उस पार दुकान पर गैस पेपर खरीदने जा रही है। तुरंत वापस लौटकर आ जाएगी। वह स्कूल गेट के बाहर गैस पेपर खरीदने के लिए जैसे ही निकली।
बताया जाता है कि वैसे ही एक कार वहां आकर रुकी। उसमें सवार बदमाशों ने छात्रा को कार में बिठा लिया और चले गए। यह घटना पलक झपकते ही घटी। दूसरी ओर जब बहुत देर तक छात्रा गैस पेपर लेकर स्कूल नहीं पहुंची तो उसका पता लगाने के लिए शिक्षक गेट के बाहर आए। तब छात्रा के अपहरण होने की बात पता चली। इसकी सूचना छात्रा के पिता को दी गई।
एसपी पुलिस बल के साथ छानबीन में लगे, आरोपियों की तलाश को लगीं पुलिस टीमें
महिला अपराध की रोकथाम और कानून व्यवस्था दुरुस्त करने के पुलिस के दावे एक बार फिर हवा हवाई साबित हो गए। थाना बरखेड़ा से महज 500 मीटर दूर प्राइवेट इंटर कॉलेज गेट से कार सवार बदमाश कक्षा नौ की छात्रा को कार में डालकर दिनदहाड़े अगवा कर ले गए। न तो वहां पुलिस का अता-पता था, न ही एंटी रोमियो स्कवायड की महिला पिकेट का। बदमाशों ने चलती कार में छात्रा से मारपीट भी की। वह तो एसपी बंगले के पास मौका देखकर छात्रा चलती कार से कूद गई। अन्यथा बदमाशों की आगे क्या प्लानिंग थी, इसकी कल्पना करना भी कठिन है।
कार से कूदने के बाद छात्रा दहशत में है। वह पुलिस को अपने अपहरण के बारे में बहुत अधिक बता नहीं पा रही है। पुलिस ने उसे साथ लेकर सीसीटीवी भी चेक कराए। एएसपी हालांकि बरखेडा थाने में डेरा जमाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि अपहरणकर्ताओं की तलाश में पुलिस की चार टीमों को लगाया गया है। मगर, थाने से चंद कदम दूर बरखेड़ा में दूसरी बड़ी वारदात ने पुलिस की कार्य प्रणाली पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। दिनदहाड़े हुई अपहरण की घटना से हर तरफ हड़कंप है।
बरखेडा थाना क्षेत्र के एक गांव में छात्रा का परिवार रहता है। उसके पिता खेती करते हैं। उनकी 14 साल की बेटी बरखेड़ा के ही इंटर कॉलेज में कक्षा नौ की छात्रा है। रोज की तरह वह शुक्रवार सुबह स्कूल गयी थी। सुबह नौ से 10 बजे के बीच वह सड़क पार गैस पेपर खरीदने कॉलेज के बाहर आई। कॉलेज गेट पर आते ही कार सवार चार बदमाश आये और उसे जबरन कार में डाल लिया। एक बदमाश ने रुमाल से मुंह दबाया। उसके बाद कार पीलीभीत की तरफ तेज रफ्तार से ले गए।
रास्ते में बदमाशों ने छात्रा से मारपीट भी की। छात्रा के मुताबिक एसपी आवास के पास कार की स्पीड कुछ कम हुई तो वह मौका पाकर कूद गई। यह देखते ही यहां बड़ी संख्या में भीड़ जमा हो गई। बदमाश पकड़े जाने के डर से भाग गए। एएसपी डॉ पवित्र मोहन त्रिपाठी, सीओ सुनील दत्त पुलिस बल के साथ पहुँच गए। आनन फानन में छात्रा को जिला अस्पताल ले जाकर और प्राथमिक इलाज कराया गया। उसके बाद महिला थाने में जानकारी जुटाई गई। छात्रा घबराहट के चलते अधिक नहीं बता सकी। पुलिस आरोपियों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी कैमरे खंगालने में जुटी है। परिवार की रंजिश की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
एसओजी और सर्विलांस समेत कई टीमें छानबीन में लगा दी गईं। हाल ही में बरखेड़ा में छात्रा से संबंधित दूसरी बड़ी वारदात है। बीते महीने बरखेड़ा थाने से चंद कदम दूर एक खेत से छात्रा का शव बरामद किया गया था। एक छात्रा का शव जून में भी बरामद हो चुका है। बरखेड़ा पुलिस इन सब घटनाओं को रोकने में नाकाम साबित हुई है।
