किच्छा: बच्चे की मौत पर मां और नानी समेत तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

किच्छा, अमृत विचार। नानी के घर आए नाबालिग नाती की संदिग्ध मौत के मामले में मृतक के पिता की शिकायत पर पुलिस ने बच्चे की मां एवं नानी सहित तीन लोगों के खिलाफ न्यायालय के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अपनी तहरीर में बच्चे के पिता विक्की हालदार निवासी रुद्रपुर …

किच्छा, अमृत विचार। नानी के घर आए नाबालिग नाती की संदिग्ध मौत के मामले में मृतक के पिता की शिकायत पर पुलिस ने बच्चे की मां एवं नानी सहित तीन लोगों के खिलाफ न्यायालय के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अपनी तहरीर में बच्चे के पिता विक्की हालदार निवासी रुद्रपुर ने बताया कि विगत 5 मई 2020 को उसने रूपा हालदार से प्रेम विवाह किया था। विक्की के अनुसार शादी के बाद उसकी पत्नी रूपा बच्चा पैदा करने को मना करने के साथ ही गर्भपात कराने की धमकी देने लगी, लेकिन किसी तरह उसने पत्नी रूपा को बच्चे के लिए मना लिया और 13 जून 2021 को रूपा ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया।

विक्की के अनुसार पत्नी रूपा की मामी और मौसी उसके रुद्रपुर स्थित निवास पर आए और वह लोग पत्नी रूपा तथा नवजात बच्चे को अपने साथ किच्छा ले गए। इसके बाद उसकी पत्नी ससुराल वापस नहीं आई। पीड़ित ने कहा कि इस दौरान उसने कई बार पत्नी रूपा को ससुराल आने के लिए मनाने का प्रयास किया, परंतु उसने आने से इनकार करते हुए अंजाम भुगतने की धमकी दे दी। विक्की के अनुसार 13 नवंबर को मोबाइल पर रिकॉर्ड किए गए एक वीडियो में उसका बच्चा स्वस्थ दिख रहा है, लेकिन 13/ 14 नवंबर की मध्य रात्रि को रूपा के रिश्तेदारों ने फोन कर बताया कि बच्चे की मौत हो चुकी है।

मामले की सूचना पर जब वह किच्छा पहुंचा तो उसने देखा कि बच्चे की गर्दन लटकी हुई थी और उसे आशंका थी कि पत्नी रूपा तथा उसकी मां दीपाली सिंह ने रिश्तेदारों के साथ मिलकर बच्चे की हत्या कर दी है। मृतक के पिता ने आरोप लगाया कि घटना के बाद उसने किच्छा कोतवाली पुलिस को बच्चे की हत्या किए जाने की आशंका जाहिर करते हुए रिपोर्ट दर्ज कर घटना की जांच कराने का प्रयास किया था, परंतु तमाम प्रयासों के बाद भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।

किच्छा पुलिस द्वारा कार्यवाही नहीं किए जाने पर उसने न्यायालय में शरण ली। न्यायालय के निर्देश पर पुलिस ने विक्की की आरोपी पत्नी रूपा देवी, बंगाली कॉलोनी, पंजाबी मोहल्ला, रूपा की मां दीपाली सिंह एवं ग्राम जगदीशपुर, थाना दिनेशपुर निवासी सोना देवी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

संबंधित समाचार