संभल : ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, एक घायल
संभल, अमृत विचार। रजपुरा थाना क्षेत्र में सिरसा गांव के समीप रविवार की रात बाइक सवार दो युवकों को ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के लिए अस्पताल ले जाते समय एक युवक ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। जबकि घायल दूसरे युवक …
संभल, अमृत विचार। रजपुरा थाना क्षेत्र में सिरसा गांव के समीप रविवार की रात बाइक सवार दो युवकों को ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के लिए अस्पताल ले जाते समय एक युवक ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। जबकि घायल दूसरे युवक का मुरादाबाद के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना क्षेत्र के गवां नगर स्थित मोहल्ला ईदगाह निवासी विष्णु पुत्र राजपाल सिंह रविवार को नगर के ही मोहल्ला टंकी निवासी दोस्त सोनू पुत्र गंगा प्रसाद के साथ पास के ही गांव सिरसा जा रहा था। बाइक जब हसनपुर-गवां मार्ग पर बंद पड़े पेट्रोलपंप के समीप पहुंची, तभी मार्ग से गुजर रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने बाइक सवारों को पड़े देखा तो पुलिस को घटना की सूचना दी।
पुलिस ने घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए रजपुरा स्थित सीएचसी में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन इलाज के लिए ले जाते समय विष्णु ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। जबकि सोनू का मुरादाबाद में इलाज चल रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के भाई मुरारी ने ट्रैक्टर चालक पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने एक ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं विष्णु की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।
