बरेली: भाजपा नेताओं समेत 60 समर्थकों पर एफआईआर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली/नवाबगंज, अमृत विचार। नवाबगंज के धान क्रय केंद्र पर धान की तौल करने का दबाव बनाने और मना करने पर केंद्र प्रभारी समेत अन्य के साथ मारपीट करने वाले आरोपी भाजपा नेताओं समेत 65 समर्थकों के खिलाफ पुलिस ने कई धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। इस घटना से भाजपा की खूब किरकिरी हुई …

बरेली/नवाबगंज, अमृत विचार। नवाबगंज के धान क्रय केंद्र पर धान की तौल करने का दबाव बनाने और मना करने पर केंद्र प्रभारी समेत अन्य के साथ मारपीट करने वाले आरोपी भाजपा नेताओं समेत 65 समर्थकों के खिलाफ पुलिस ने कई धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। इस घटना से भाजपा की खूब किरकिरी हुई है। भाजपा नेता दबंगई के बल पर धान तौलवा रहे हैं। इससे पहले फरीदपुर में भी मंत्री और विधायक के समर्थकों के बीच कई दिनों तक टकराव केंद्र पर धान की तौल कराने में होने वाले खेल की चौथ खाने को लेकर रहा।

नवाबगंज के भाजपा के वरिष्ठ नेता डा. एमपी आर्य, डा. एके गंगवार, सचिन रस्तोगी, सूरज, रामपाल, वीरे सरदार, रामवीर, ओमवीर पर आरोप है कि बुधवार शाम इन लोगों ने मंडी परिसर के सभी धान केन्द्र प्रभारियों के साथ मारपीट की और बिना प्रवेश प्रपत्र के ही धान लदी ट्रालियों को मंडी के अंदर प्रवेश कराकर धान तौलवाने की कोशिश की।इससे धान की गुणवत्ता का भी परीक्षण नहीं हो सका। सरकारी कार्य में बाधा डाली।

बता दें कि इस घटना के बाद केन्द्र प्रभारियों व कर्मचारियों ने आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर एसडीएम आवास पर देर रात तक धरना दिया था। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की।

बवाल काटकर सभी केंद्र प्रभारियों को लात घूंसों से पीटा, जबरन टोकन जारी कराया
पीसीएफ के केन्द्र प्रभारी अरुण कुमार की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट में भाजपा से विधान सभा टिकट की दावेदारी कर रहे डा एमपी आर्य, ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि डा एके गंगवार समेत 50-60 अज्ञात पर आरोप है कि इन लोगों ने विभिन्न क्रय केन्द्रों के प्रभारियों में अरुण गंगवार, चन्दन सिंह, पूनम शर्मा, उमेश कुमार, निपेन्द्र कुमार, ब्रिजेश कुमार, रामप्रकाश गंगवार व अबरार अहमद के अलावा मंडी गेट पर तैनात होम गार्ड रोहित शर्मा व मंडी कर्मचारी राहुल गंगवार के साथ मारपीट की।

रिपोर्ट में बताया गया है कि जबरन सरकार द्वारा क्रय नीति में वर्णित धान के मानक के विरुद्ध तौल कराने के लिए दबाव बनाया। पीसीएफ द्वारा संचालित धान क्रय केंद्र प्रभारी अरुण गंगवार, मंडी गेट पर तैनात होमगार्ड रोहित शर्मा समेत अन्य कर्मचारियों के साथ गालीगलौज कर हाथापाई की। लात घूंसों से मारपीट की। जबरन प्रपत्र पर टोकन जारी कराया था।

अराजकता के विरोध में तौल ठप, दिनभर किसान बेहाल
मंडी के धान केंद्रों पर भाजपा नेताओं द्वारा अराजकता करने के विरोध में गुरुवार को भी केंद्र प्रभारियों ने धान की तौल ठप रखी। इससे दूरदराज से धान की तौल कराने आए किसानों को दिक्कतें झेलनी पड़ीं। वहां मौजूद किसानों ने भाजपा नेताओं को कोसा। कहा कि चंद लोगों को फायदा पहुंचाने के लिए भाजपा नेताओं ने मारपीट की लेकिन इसका खामियाजा बड़ी संख्या में किसानों को परेशान होकर भुगतना पड़ रहा है। बुधवार शाम मारपीट होने के बाद से तौल बंद हैं।

इधर कर्मचारियों ने काली पट्टी बांध कर धरना दिया। खरीद केन्द्र प्रभारियों ने मण्डी परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। जिससे धान लेकर मण्डी पहुंचे किसानों को दिक्कतें झेलनी पड़ीं। इस वजह से धान की तौल ना होने से धान लदी ट्रैक्टर तालियों की लंबी कतार लग गई। शाम तक ट्रैक्टर ट्रालियों का धान नहीं तौला जा सका।

भाजपा नेताओं ने मंडी के केंद्रों पर अवैध वसूली होने की बात कही
मारपीट करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत अन्य धाराओं में फंसे भाजपा नेताओं का कहना है कि मण्डी परिसर में धान क्रय केन्द्र प्रभारी मनमानी करते हैं। मारपीट के आरोप नकारते हुए कहा कि उन्होंने किसानों के धान तौलने में आनाकानी करने की शिकायत पर केन्द्र प्रभारियों को हिदायत दी थी। नेताओं में डा एमपी आर्य, एके गंगवार व रामपाल गंगवार ने बताया कि धान खरीद में किसानों को परेशान करने की शिकायतें कई दिनों से मिल रही थीं।

खरीद में शिथिलता के चलते बड़ी संख्या में किसान अपना धान कई कई दिनों से तौलवाने के लिए मण्डी परिसर में सर्द रातें गुजार रहे हैं। अवैध वसूली की शिकायतें भी मिल रही थीं, जिसे लेकर हम लोग खरीद केन्द्र प्रभारियों को हिदायत देने व खरीद में तेजी लाने की चेतावनी देकर लौटे थे।

संबंधित समाचार