बागेश्वर: सीएम के जनसंपर्क अधिकारी का चालान माफी के लिए एसएसपी को लिखा पत्र हुआ वायरल
बागेश्वर, अमृत विचार। सरकार द्वारा यातायात के नियमों का पालन कराने के लिए समय समय पर पुलिस अधीक्षकों को आदेश दिए जा रहे हैं वहीं जनपद के यातायात निरीक्षक के चालान करना सरकार को नागावार गुजर गया। सीएम के जनसंपर्क अधिकारी ने एसएसपी बागेश्वर को पत्र लिखकर चालान माफ करने के लिखित आदेश दे दिए। …
बागेश्वर, अमृत विचार। सरकार द्वारा यातायात के नियमों का पालन कराने के लिए समय समय पर पुलिस अधीक्षकों को आदेश दिए जा रहे हैं वहीं जनपद के यातायात निरीक्षक के चालान करना सरकार को नागावार गुजर गया। सीएम के जनसंपर्क अधिकारी ने एसएसपी बागेश्वर को पत्र लिखकर चालान माफ करने के लिखित आदेश दे दिए।
सोशल मीडिया में गुरूवार की रात से सीएम के जनसंपर्क अधिकारी नंदन सिंह बिष्ट द्वारा एसएसपी बागेश्वर को लिख पत्र वायरल हो रहा है जिसमें उन्होंने स्पष्ट लिखा है कि 29 नवंबर को यातायात पुलिस बागेश्वर द्वारा वाहन संख्या यूके-02 सीए 0238, यूके-04 सीएम 5907 व यूके-02 सीए 1238 के चालान को निरस्त करने के आदेश सीएम द्वारा दिए गए हैं। परिवहन एप में इन नंबरों की डिटेल लेने पर यूके02 सीए- 1238 व 0238 मनोज शाह के हैं जबकि अन्य एक वाहन हरीश कुमार शाह के नाम पर हैं।
मनोज शाह नाम का एक युवक भाजयुमो का नेता भी है। पुलिस सूत्रों की मानें तो यह चालान ओवर लोडिंग पर किए गए हैं तथा चालान यातायात निरीक्षक शिवराज सिंह बिष्ट ने दयांगण आरे बाइपास में किए हैं। वर्तमान में यातायात निरीक्षक के पद से बिष्ट को पुलिस लाइन भेज दिया गया है। इधर सीएम के जन संपर्क अधिकारी द्वारा लिखे इस पत्र के सोशल मीडिया में वायरल होने से सरकार की छवि धूमिल हो रही है।
वहीं इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कांग्रेस नेता व पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण ने कहा है कि सरकार द्वारा ईमानदार अधिकारियों को कार्य नही करने दिया जा रहा है सीएम द्वारा अपराधियों को बचाने के लिए पुलिस पर दबाब बनाया जा रहा है जो कि लोकतंत्र की हत्या है। वहीं कांग्रेस नेता एडवोकेट गिरीश कोरंगा ने कहा है कि मुख्यमंत्री कार्यालय से और किस तरह के कार्य हो सकते हैं इसकी जानकारी दीजिएगा।
