बरेली: रंगदारी न देने पर बदमाश ने सरेआम चलाई गोलियां

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। रंगदारी न देने पर बदमाश ने पहले तो दुकानदार को जान से मारने की धमकी दी और फिर खौफ फैलाने के लिए उसने दुकान के बाहर गोलियां चलाईं और फरार हो गया। दबंगों के खौफ से दुकानदार ने इसकी शिकायत पुलिस से नहीं की लेकिन बदमाशों की चलाई गई गोली की घटना …

बरेली, अमृत विचार। रंगदारी न देने पर बदमाश ने पहले तो दुकानदार को जान से मारने की धमकी दी और फिर खौफ फैलाने के लिए उसने दुकान के बाहर गोलियां चलाईं और फरार हो गया। दबंगों के खौफ से दुकानदार ने इसकी शिकायत पुलिस से नहीं की लेकिन बदमाशों की चलाई गई गोली की घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

हजियापुर में एक कॉलेज का निर्माण चल रहा है। वहां पर एक दुकानदार चाय की दुकान चलाता है। गुरुवार शाम 8 बजे के लगभग वहां पर किला के सराय का रहने वाला दबंग अपने साथी के साथ बाइक से उनकी दुकान पर पहुंचा। पहले वहां पर चाय पी। इसके बाद उसने दुकानदार से दुकान चलाने के बदले 20 हजार रुपये की रंगदारी मांगी। यह सुनकर दुकानदार घबरा गया और शांत खड़ा रहा।

इसके बाद आरोपियों ने दुकानदार को जान से मारने की धमकी दी और खौफ फैलाने के लिए बाइक स्टार्ट करने के बाद चाय की दुकान के बाहर फायरिंग करते हुए वहां से चले गए। बदमाशों के खौफ के कारण पीड़ित दुकानदार ने इसकी शिकायत किसी से नहीं की लेकिन पास में लगे सीसीटीवी में बदमाशों के गोली चलाने की घटना कैद हो गई। बताया जाता है कि जिसने गोली चलाई है वह शहर में तमंचे सप्लाई का भी काम करता है।

गोली चलाने वाले बदमाश की वीडियो मिली है। आरोपी की पहचान कराई जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। -रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी

संबंधित समाचार