हल्द्वानी: हल्दूचौड़ में ट्रांसफार्मर लगाने को विवाद, प्रदर्शन
हल्द्वानी/हल्दूचौड़, अमृत विचार। शनिवार को हल्दूचौड़ स्थित गौला रोड पर एक निजी ट्रांसफार्मर को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि मामला तहसीलदार, एसडीएम व सिटी मजिस्ट्रेट तक पहुंच गया। विवाद सुलझाने को लेकर मौके पर ऊर्जा निगम के अधिकारी भी पहुंच गए। हल्दूचौड़ स्थित गौला रोड पर एक व्यक्ति द्वारा निजी ट्रांसफार्मर …
हल्द्वानी/हल्दूचौड़, अमृत विचार। शनिवार को हल्दूचौड़ स्थित गौला रोड पर एक निजी ट्रांसफार्मर को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि मामला तहसीलदार, एसडीएम व सिटी मजिस्ट्रेट तक पहुंच गया। विवाद सुलझाने को लेकर मौके पर ऊर्जा निगम के अधिकारी भी पहुंच गए।
हल्दूचौड़ स्थित गौला रोड पर एक व्यक्ति द्वारा निजी ट्रांसफार्मर का निर्माण किया जा रहा है। उसका कहना है कि उसने ऊर्जा निगम को ट्रांसफार्मर का निर्माण करने के लिए अनुमति ली है। शनिवार को जैसे ही काम शुरू हुआ। क्षेत्र के ग्राम प्रधान ने सड़क पर अतिक्रमण का आरोप लगाते हुए काम रुकवा दिया। इस दौरान रिलायंस मॉल के मालिक शुभम अंडोला ने बताया कि उन्होंने पूरी नियमों के तहत ट्रांसफार्मर को लगाने का काम किया है लेकिन ग्राम प्रधान अतिक्रमण की बात कहकर निर्माण कार्य रुकवा रहे हैं।
इधर, ग्राम प्रधान भाष्कर भट्ट का कहना है कि यह ट्रांसफार्मर अतिक्रमण का हिस्सा बन रहा है इसलिए इसका विरोध किया जा रहा है। विरोध करने वालों में ग्राम प्रधान संगठन की अध्यक्ष रुक्मणी नेगी भी शामिल रहीं। प्रदर्शनकारियों का दावा है कि राजस्व विभाग ने भी जमीन की नपाई की है। इसमें प्रारंभिक तौर पर ट्रांसफार्मर सड़क के हिस्से में दिख रहा है। करीब तीन घंटे के प्रदर्शन के बाद हल्द्वानी से पहुंचे नायब तहसीलदार सचिन कुमार ने मामले की जांच कर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने अपना धरना समाप्त कर दिया। विरोध प्रदर्शन करने वालों में मुख्य रूप से ग्राम प्रधान हेमा जोशी, क्षेत्र पंचायत सदस्य त्रिलोचन पाठक, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य योगेश जोशी, पूरन जोशी, हरेंद्र बोरा, खीम सिंह बिष्ट, हेमवती नंदन दुर्गापाल, सुरेश शर्मा, लक्की दुम्का, बहादुर बिष्ट सहित तमाम जनप्रतिनिधि व क्षेत्रवासी मौजूद थे।
हमें यहां ट्रांसफार्मर लगाए जाने पर कोई आपत्ति नहीं है क्योंकि यह ट्रांसफार्मर पहले लगाए गए पोलों की लाइन के नीचे लग रहा है।
– पुष्कर सिंह मेहरा, सहायक अभियंता, ऊर्जा निगम
मैंने सभी कार्यवाही पूरी करने के बाद ही इस ट्रांसफार्मर को यहां लगाने का काम शुरू करवाया है। मुझ पर बेवजह दबाव बनाया जा रहा है। अगर यह काम रूकवाया गया तो मैं परिवार सहित आत्मदाह कर लूंगा।
– शुभम अंडोला
