अमरोहा : छह दिन से लापता महिला का गटर में मिला शव, आरोपी गिरफ्तार
अमरोहा, अमृत विचार। छह दिन से लापता महिला का शव रविवार को पड़ोसी के घर में बने शौचालय के गटर में मिलने से सनसनी फैल गई। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में मृतका के बेटे …
अमरोहा, अमृत विचार। छह दिन से लापता महिला का शव रविवार को पड़ोसी के घर में बने शौचालय के गटर में मिलने से सनसनी फैल गई। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में मृतका के बेटे ने चार लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
रजबपुर थाना क्षेत्र के गांव फय्याजनगर में किसान वेदपाल सिंह का परिवार रहता है।
परिवार में पत्नी राजेश देवी (52) के अलावा दो बेटे और दो बेटी हैं। परिवार में एक बेटे और एक बेटी का विवाह हो चुका है। छह दिसंबर को राजेश देवी अचानक लापता हो गई थी। उसका मोबाइल भी बंद आ रहा था। परिजनों ने काफी तलाश किया, लेकिन महिला का कोई सुराग नहीं मिला। परिजनों ने पुलिस को गुमशुदगी की तहरीर दी थी। जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था।
दो दिन पहले परिजनों ने एसपी कार्यालय पर प्रदर्शन कर महिला की बरामदगी की मांग भी की थी। परिजनों को पड़ोसी पर शक था। उसने अपनी पशुशाला और आंगन में ईंटे बिछवाई थीं। शनिवार को पुलिस ने शक के आधार पर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। रविवार को उसकी निशानदेही पर पुलिस की मौजूदगी में ईंट हटाकर खुदाई की तो शौचालय के गटर में राजेश देवी का शव पड़ा मिला। महिला का शव मिलने की खबर पूरे गांव में फैल गई। जिसके बाद लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना मिलते ही सीओ सत्येंद्र कुमार व सुनील मलिक फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। हसनपुर और डिडौली थाने की फोर्स को भी मौके पर बुला लिया। पुलिस ने शव को गटर से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि राजेश देवी के आरोपी पर डेढ़ लाख रुपये उधार थे। इसलिए उसने महिला की हत्या कर शव को गटर में छिपा दिया। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चार लोगों के खिलाफ तहरीर मिली थी, जिसमें देवी पुत्र नरेना को गिरफ्तार कर लिया गया है। सुनील मलिक, थानाध्यक्ष
