बरेली: भांजी की शादी में जा रही महिला की सड़क हादसे में मौत
बरेली, अमृत विचार। शादी समारोह में जा रहे दंपत्ति की बाइक में तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई और उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। सुभाषनगर पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर महिला के परिजनों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज …
बरेली, अमृत विचार। शादी समारोह में जा रहे दंपत्ति की बाइक में तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई और उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। सुभाषनगर पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर महिला के परिजनों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की है।
किला थाना क्षेत्र के स्वाले नगर की रहने वाली सुमन मौर्य (24) की सड़क हादसे में मौत हो गई। शनिवार को सुमन की भांजी की शादी थी, जिसमें शामिल होने के लिए वह पति मुकुल मौर्य के साथ देवचरा के बलिया गांव जा रही थीं। परिजनों ने बताया कि शाम करीब 5 बजे बदायूं रोड स्थित 84 घंटा मंदिर के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक चालक ने मुकुल की बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में जहां मुकुल गंभीर रूप से घायल हो गए वहवीं महिला की मौत हो गई। सूचना पर सुभाषनगर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तत्काल घायलों को जिला अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने सुमन को मृत घोषित कर दिया। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद सुमन का शव परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं मुकुल की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर सुभाषनगर पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
एक साल पहले ही हुई थी शादी
बहन की मौत की खबर मिलते ही बरेली पहुंचे भाई राजवीर ने बताया कि 25 नवंबर 2020 को सुमन की शादी मुकुल से हुई थी। सुमन पांच भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। मुकुल अपने माता-पिता की इकलौती संतान हैं। इसकी वजह से सुमन ससुरालियों की भी चहेती थी। सुमन की मौत की खबर पर ससुरालियों व मायके पक्ष के लोगों का रो रोकर बुरा हाल है।
