अमरोहा : ऑमिक्रॉन को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, विदेश से आने वालों पर विशेष नजर
अमरोहा, अमृत विचार। ऑमिक्रॉन को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर हो गया है। विदेश से आने वाले लोगों पर नजर रखी जा रही है। अब तक विदेश से 191 लोग अमरोहा आए हैं। इनमें से 24 लोग गायब चल रहे हैं। जिनको स्वास्थ्य विभाग ट्रेस करने में लगा है। जो लोग बाहर से आए, उनको …
अमरोहा, अमृत विचार। ऑमिक्रॉन को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर हो गया है। विदेश से आने वाले लोगों पर नजर रखी जा रही है। अब तक विदेश से 191 लोग अमरोहा आए हैं। इनमें से 24 लोग गायब चल रहे हैं। जिनको स्वास्थ्य विभाग ट्रेस करने में लगा है। जो लोग बाहर से आए, उनको सात दिन के लिए क्वारंटीन किया गया। सर्विलांस टीम इन लोगों पर बराबर नजर रखे हुए हैं। ग्रामीण क्षेत्र में भी निगरानी समितियों को सकि्रय किया गया है।
बीच में कोरोना संक्रमण से लोगों को कुछ राहत मिली, जिले में कोई कोरोना संक्रमित व्यक्ति भी नहीं मिला, लेकिन अब धीरे-धीरे देश में ऑमिक्रॉन का खतरा बढ़ रहा है। इसको लेकर अमरोहा में भी स्वास्थ्य विभाग ने चौकसी बढ़ा दी है। अस्पतालों में दस-दस बेड की अलग से व्यवस्था की जा रही है। जिससे समय रहते संक्रमित लोगों का उपचार किया जा सका। खासतौर से विदेश से आने वाले लोगों पर नजर रखी जा रही है।
सीएमओ डा. संजय अग्रवाल ने बताया कि अब तक अमरोहा में 191 लोग विदेश से आ चुके हैं। सभी लोगों की जांच कराई जा रही है। जो पहले आए थे, उनकी भी जांच कराई गई, किसी में संक्रमण के लक्षण नहीं मिले। पूरी सावधानी बरती जा रही है। जो लोग लापता चल रहे हैं, उनकी भी निगरानी की जा रही है। उन्होंने बताया कि सभी चिकित्साधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अपने-अपने यहां अस्पतालों में दस-दस बेड की अलग से व्यवस्था कर लें। कोरोना नियमों का पालन किया जाए। किसी प्रकार की लापरवाही न बरतें।
