अमरोहा : प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या, 6 किमी दूर मिला युवक का शव
अमरोहा, अमृत विचार। प्रेम-प्रसंग के चलते युवक ने अपने साढ़ू के भाई की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी। शव को बोरी में बंदकर गन्ने के खेत में गड्ढा खोदकर दबा दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ …
अमरोहा, अमृत विचार। प्रेम-प्रसंग के चलते युवक ने अपने साढ़ू के भाई की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी। शव को बोरी में बंदकर गन्ने के खेत में गड्ढा खोदकर दबा दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
रहरा थाना क्षेत्र के गांव जेबड़ा मुस्तकम चंद्रपाल का परिवार रहता है। उसका पुत्र रुकमेश पुत्र (22) राजमिस्त्री का काम करता था। 11 दिसंबर को वह बुलंदशहर के किसी भट्टे पर चिमनी बनाकर घर वापस आया था और उसी दिन वह गांव गुलामपुर में अपने भाई की साली रूबी के घर मेहमानदारी करने चला गया। तीन दिन बाद भी जब वह घर नहीं लौटा तो उसके परिवार वालों को चिंता होने लगी। परिवार वालों ने समझा कि वह कहीं गुम हो गया है। इसी दौरान रुकमेश के चचेरे भाई ने बताया कि वह उसे गुलामपुर छोड़कर आया है।
परिजन बेटे की तलाश में गुलामपुर पहुंच गये। वहां उन्होंने रूबी से रुकमेश के बारे में पूछताछ की तो वह इधर-उधर की बातें करने लगी। उसने बताया कि रुकमेश शनिवार की रात आठ बजे आया था और 11 बजे चला गया। इस दौरान रुकमेश के परिजनों ने 100 डायल को फोन करके मौके पर बुला लिया। पुलिस ने जब रूबी से पूछताछ की तो उसने बताया कि रुकमेश की हत्या कर दी है।
इसके बाद पुलिस ने रूबी को हिरासत में लेकर कोतवाली भेज दिया। कुछ समय बाद पुलिस ने रूबी के पति मंजू को भी हिरासत में ले लिया और उससे कड़ाई से पूछताछ की तो उसने रुकमेश की हत्या करना कबूल किया। बताया कि शव को एक बोरी में बंदकर गन्ने के खेत में गड्ढा खोदकर दबा दिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर रुखालू में पनीर फैक्ट्री के समीप गन्ने के खेत से रुकमेश के शव को बरामद कर लिया।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हत्यारोपी पति-पत्नी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि रूबी व रुकमेश के बीच प्रेम-प्रसंग का मामला था। रूबी की शादी होने के बाद भी रुकमेश का उसके घर आना-जाना था। 11 दिसंबर को भी वह उससे मिलने आया था।
मृतक के भाई अशोक की तहरीर पर रूबी, मंजू, छोटे व विजयपाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। पीके चौहान, प्रभारी निरीक्षक
जिस दिन होना था रिश्ता, उसी दिन हो गई हत्या
हसनपुर। रुकमेश राजमिस्त्री का काम करता था। उसका अपने भाई की साली रूबी से प्रेम-प्रसंग था, लेकिन रूबी के परिजनों ने उसकी शादी अन्य स्थान पर कर दी थी। जिसके बाद रुकमेश कुछ परेशान रहने लगा। बताया जा रहा है कि रूबी की शादी के बाद भी वह उसे भूला नहीं था और उसका मिलना-जुलना था। बताया जा रहा है कि जिस दिन रुकमेश का शव मिला उसी दिन उसका रिश्ता ढबारसी से आना था। रुकमेश के परिजन रिश्ते की तैयारी में जुटे हुए थे। रुकमेश की हत्या होने से खुशी का माहौल गम में बदल गया।
