देहरादून: पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के बाद ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात के आसार
हल्द्वानी/नैनीताल, अमृत विचार। उत्तराखंड में एक बार फिर से मौसम का मिजाज बदलने वाला है। 15 दिसंबर से बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। आने वाले दिनों में ठंड का असर और बढ़ेगा। इससे पहाड़ से लेकर मैदान तक हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ेगी। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार उत्तराखंड में 15 और 16 …
हल्द्वानी/नैनीताल, अमृत विचार। उत्तराखंड में एक बार फिर से मौसम का मिजाज बदलने वाला है। 15 दिसंबर से बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। आने वाले दिनों में ठंड का असर और बढ़ेगा। इससे पहाड़ से लेकर मैदान तक हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ेगी।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार उत्तराखंड में 15 और 16 दिसंबर के लिए मौसम विभाग ने ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट आ सकती है। हालांकि, इस दौरान पहाड़ के निचले इलाकों और मैदानी क्षेत्र में मौसम साफ रहेगा।
मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के बाद ऊंचे वाले इलाकों में हिमपात हो सकता है। दिसंबर में पिछले 12 दिनों के बीच राज्य में 4.9 एमएम बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, पहाड़ में पाला फसलों के लिए नुकसानदायक है। साथ ही इससे कम धूप वाली पहाड़ी जगहों पर यातायात में भी बाधा आ रही है। इधर, हल्द्वानी में ठंड का असर बढ़ गया है। सोमवार को सुबह से ही हल्के बादल छाए हुए थे। साथ ही ठंडी हवाएं चल रहीं थीं। अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
नैनीताल में सुबह का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इधर, कड़ाके की ठंड को देखते हुए अब स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट मोड पर आ गया है। बीडी पांडे अस्पताल के पीएमएस डॉ. केएस धामी ने मरीजों को अपनी दवाएं साथ रखने, नैनीताल पहुंचने पर सीधे पहाड़ी पर न चढ़ने, कम से कम आठ से 10 घंटा आराम करने के बाद ही भ्रमण पर निकलने, मॉर्निंग वॉक और एल्कोहल लेने से बचने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के अनुसार, पहाड़ों में इस समय कम धूप वाले स्थानों में पाला पड़ने से ठंड में इजाफा हुआ है। मैदानी इलाकों में सुबह शाम हल्का कोहरा और धुंध होने से धूप के ताप में कमी आई है। इससे अधिकतम तापमान में गिरावट आई है।
