एनटीपीसी रायबरेली ठगी प्रकरण: जांच की आंच में झुलसा हरदोई, आरोपी से सीबीआई ने की घंटों पूछताछ
हरदोई। बेरोजगारों से रोजगार के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले मास्टरमाइंड से पूछताछ करने के लिए सीबीआई टीम की दस्तक से खलबली मची हुई है। मंगलवार को सीएमओ दफ्तर पहुंची सीबीआई की टीम ने बंद कमरे में घंटों पूछताछ की। हालांकि टीम ने फिलहाल अभी किसी तरह की जानकारी देने से इंकार किया …
हरदोई। बेरोजगारों से रोजगार के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले मास्टरमाइंड से पूछताछ करने के लिए सीबीआई टीम की दस्तक से खलबली मची हुई है। मंगलवार को सीएमओ दफ्तर पहुंची सीबीआई की टीम ने बंद कमरे में घंटों पूछताछ की। हालांकि टीम ने फिलहाल अभी किसी तरह की जानकारी देने से इंकार किया है। बताया गया है कि लखनऊ की अवनि परिधि कम्पनी जो आउट सोर्सिंग के नाम पर बेरोजगारों को रोजगार दिलाने का जिम्मा लेती थी। पिछले कुछ महीनों पहले इसी कम्पनी से जुड़ा एक शख्स रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया था।
इसके बाद से ही लगातार मिलने वाली शिकायतों के चलते मामले की गहराई से पड़ताल की ज़िम्मेदारी सीबीआई को सौंपी गई है। मंगलवार को लखनऊ से आई सीबीआई टीम सीएमओ दफ्तर में तैनात आउट सोर्सिंग कर्मी गोविन्द को तलाशते हुए पहुंची। टीम में शामिल अफसर ने गोविन्द से सीएमओ दफ्तर के कमरा नंबर 3 में घंटों पूछताछ की। बंद कमरे में चल रही पूछताछ के दौरान महकमे में खलबली मची रही।
अंदरखाने से पता चला है कि नेशनल थर्मल पावर रायबरेली में नौकरी दिलाने के नाम पर करोड़ों की ठगी की गई। उसी मामले में गोविन्द से पूछताछ होना बताई गई है।इसके अलावा अवनि परिधि कम्पनी ने स्वास्थ्य महकमे में भी हज़ारों लोगों को नौकरी दिलाने का काम किया है। गोविन्द के बारे में बताया गया है कि बिहार के रहने वाले इस शख्स ने यहां के तमाम बेरोजगारों से नौकरी के नाम पर ठगा। फिलहाल मामला काफी संगीन बताया जा रहा है। यह भी माना जा रहा है जांच में और भी कई लोग शामिल हो सकते हैं। जांच की परत-दर-परत खुलने पर कई चौकाने वाली बातें सामने आ सकती है।
यह भी पढ़ें:-मुरादाबाद : टीटीई की जमानत अर्जी पर 16 दिसंबर को होगी सुनवाई, नौकरी के नाम पर ठगे थे 10 लाख
