गरमपानी: विशालकोट में पशु सेवा केंद्र बना शोपीस
गरमपानी, अमृत विचार। विशालकोट गांव में पशुपालकों की सुविधा के लिए बना पशु सेवा केंद्र मात्र शोपीस बनकर रह गया है। चिकित्सक नहीं होने से पशुपालकों को पशु सेवा केंद्र का लाभ नहीं मिल रहा है। भुजान रिची बिल्लेख मोटर मार्ग पर विशालकोट तथा आसपास के तल्ला म्यू, मटेला, बगवान, मंडलकोट के लगभग चार सौ …
गरमपानी, अमृत विचार। विशालकोट गांव में पशुपालकों की सुविधा के लिए बना पशु सेवा केंद्र मात्र शोपीस बनकर रह गया है। चिकित्सक नहीं होने से पशुपालकों को पशु सेवा केंद्र का लाभ नहीं मिल रहा है।
भुजान रिची बिल्लेख मोटर मार्ग पर विशालकोट तथा आसपास के तल्ला म्यू, मटेला, बगवान, मंडलकोट के लगभग चार सौ से अधिक पशुपालकों को लाभ दिलाने के मकसद से पशु सेवा केंद्र स्थापित किया गया था। यहां बाकायदा चिकित्सक की तैनाती की गई पर विभागीय अनदेखी से पिछले चार वर्षों से पशु सेवा केंद्र शोपीस बन चुका है।
चिकित्सक नहीं होने से पशु सेवा केंद्र से गांव के पशुपालकों को लाभ नहीं मिल रहा। पशुपालक अपने पशुओं के उपचार के लिए दूरदराज जाने को मजबूर हैं। कई बार व्यवस्था की मांग उठाई जा चुकी है पर कोई सुनवाई नहीं हो रही। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव की उपेक्षा की जा रही है।
स्थानीय अंबी राम,पूरन चंद्र, भीम सिंह, पूरन सिंह, हीरा सिंह, धीरज सिंह, प्रेम प्रकाश आदि ने पशु सेवा केंद्र में चिकित्सक की तैनाती की मांग उठाई है ताकि आसपास के पशुपालक लाभान्वित हो सकें। चेताया है कि यदि सुनवाई ना हुई तो फिर आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी।
