जसपुर: 14 वर्षों से स्कूल में रहने को मजबूर है बाढ़ में बेघर हुआ परिवार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सुशील चौहान, अमृत विचार, जसपुर। बाढ़ से बेघर हुआ परिवार करीब 14 वर्ष से स्कूल में रह रहा है । लेकिन प्रशासन उसे आज तक घर बनाने के लिए जगह नहीं दे पाया । जबकि वह घर के लिए जगह की मांग को लेकर भूख हड़ताल तक कर चुका है और एक बार लम्बी अवधि …

सुशील चौहान, अमृत विचार, जसपुर। बाढ़ से बेघर हुआ परिवार करीब 14 वर्ष से स्कूल में रह रहा है । लेकिन प्रशासन उसे आज तक घर बनाने के लिए जगह नहीं दे पाया । जबकि वह घर के लिए जगह की मांग को लेकर भूख हड़ताल तक कर चुका है और एक बार लम्बी अवधि का धरना दे चुका है।

वर्ष 2007 में क्षेत्र की फीका नदी में आई बाढ़ में गांव राजपुर निवासी भूपाल सिंह पुत्र गिरधारी सिंह का घर बह गया था। प्रशासन ने उसके परिवार की तात्कालिक सहायता प्रदान करते हुए उसे यह कह कर गांव के प्राथमिक विद्यालय में रहने के लिए एक कमरा दिया था कि वह उसे शीघ्र ही घर बनाने के लिए ग्राम समाज की भूमि में जगह देगा। लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी प्रशासन ने उसे घर बनाने के लिए जगह नहीं दी।

भूपाल सिंह वर्ष 2015 में उपजिलाधिकारी कार्यालय के सामने परिवार के साथ भूख हड़ताल पर बैठ गया। लेकिन प्रशासन ने उसकी समस्या का हल करने के बजाय उसे व उसके परिवार को वहां से जबरन हटा दिया । उसके बाद से भूपाल अपनी पीड़ा को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों के कार्यालयों के लगातार चक्कर लगा रहा है। लेकिन उसकी कहीं कोई सुनवाई नहीं हुई।

वह हार कर वर्ष 2021 में 20 अक्टूबर को तहसीलदार के कार्यालय के सामने अपने परिवार व सहयोगियों के साथ धरने पर बैठ गया और करीब दो माह तक भी उसकी किसी ने कोई सुध नहीं ली तो उसने हार कर 18 नवम्बर को खुद ही धरना समाप्त कर दिया।

खरीदी जमीन पर है किसी और का कब्जा
जसपुर । बाढ़ से बेघर हुए भूपाल को जब प्रशासन ने घर बनाने के लिए कहीं जगह उपलब्ध नहीं कराई तो उसने स्वयं घर बनाने के लिए गांव के पास करीब डेढ़ बीघा जमीन खरीद ली। उस पर भी एक व्यक्ति ने कब्जा कर रखा है। भूपाल इस कब्जे को हटाने की मांग कर रहा है । प्रशासन इस कब्जे को भी नहीं हटा पा रहा है । भूपाल का कहना है कि है कि उसकी जमीन से दूसरे का कब्जा हटा दिया जाए तो वह स्कूल खाली करके चला जायेगा।

संबंधित समाचार