यूपी टीईटी 2021 का पर्चा लीक करने वाले गिरोह के मास्टरमाइंड को एसटीएफ ने दबोचा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी टीईटी)-2021 में पर्चा लीक करने वाले गिरोह के एक प्रमुख सदस्य को उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने लखनऊ के आलमबाग से गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान आगरा के बाह तहसील अंतर्गत पुरा नरहौली गांव निवासी संतोष कुमार चौरसिया के रूप में हुई है। विदित हो कि गत 28 नवंबर …
लखनऊ। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी टीईटी)-2021 में पर्चा लीक करने वाले गिरोह के एक प्रमुख सदस्य को उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने लखनऊ के आलमबाग से गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान आगरा के बाह तहसील अंतर्गत पुरा नरहौली गांव निवासी संतोष कुमार चौरसिया के रूप में हुई है। विदित हो कि गत 28 नवंबर 2021 को प्रदेश के 75 जनपदों में 2736 परीक्षा केंद्रों पर टीईटी परीक्षा होनी थी।
एसटीएफ को सूचना मिली थी कि कुछ लोगों ने मोटी रकम लेकर प्रश्नपत्र लीक कर दिया है। इस कारण परीक्षा स्थगित कर दी गई। एसटीएफ ने अलग-अलग जनपदों से कुल 33 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। जिनके पास से भारी मात्रा में प्रश्नपत्र की छायाप्रति, मोबाइल के व्हाट्स एप पर प्रश्नपत्र की फोटो आदि प्राप्त हुई। पकड़े गए अभियुक्तों से संतोष के बारे में जानकारी मिलने पर उसे भी गिरफ्तार किया गया।
संतोष ने बताया कि वह मध्य प्रदेश के व्यापम घोटाले में भी जेल जा चुका है। इसी दौरान जेल में उसकी मुलाकात बांदा निवासी विकास दीक्षित से हुई। विकास ने उसे नोएडा निवासी राहुल मिश्रा व अनुराग शर्मा से मिलवाया। राहुल ने उसे बताया था कि ऐसी संस्था को टीईटी की परीक्षा का काम दिया जा रहा है, जहां से शत-प्रतिशत पेपर लीक हो जाएगा। राहुल ने उससे ग्राहक खोजने को कहा था। इसके बाद वह लखनऊ आ गया, जहां उसने राहुल को टीईटी का पेपर देने की बात पर तीन लाख रुपए दिये।
27 नवंबर को पेपर दिलवाने को लेकर उसकी मुलाकात प्रयागराज निवासी रोशन पटेल से हुई, पर राहुल ने पेपर के बदले 40 लाख रुपये मांगे। अंतत: 20 लाख रुपये पर डील तय हुई। उसने 5 लाख में रोशन को पेपर बेचा और तीन-चार और लोगों को पेपर बेचा। फिर वह लखनऊ से फरार हो गया और अगले कई दिनों तक दर्जनों मोबाइल व सिम बदलते हुए फरीदाबाद, इंदौर, नैनीताल, इटावा जगहों पर घूमता रहा। एसटीएफ ने बताया कि संतोष के खिलाफ पूर्व से ग्वालियर में पांच, इंदौर में एक और कौशाम्बी में एक मामला दर्ज है।
यह भी पढ़ें:-तंबाकू खाने वाले पुरुषों की पत्नियों को भी हो सकता है सर्वाइकल कैंसर, जानें कैसे?
