सीतापुर: पंचायत भवन का निर्माण अधूरा, जिम्मेदारों ने हड़प लिए करीब सात लाख रुपए

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रेउसा/सीतापुर। सीतापुर जिले का अति पिछड़ा कहा जाने वाला रेउसा ब्लाक हमेशा चर्चा का विषय बना रहता है। ब्लॉक मुख्यालय से लेकर गांव में लाखों के घोटाले होना आम बात हो गई है। ऐसा ही कुछ मामला बाढ़ कटान प्रभावित क्षेत्र के मल्लापुर ग्राम सभा का सामने आया है। जहां पर ग्राम प्रधान व सचिव …

रेउसा/सीतापुर। सीतापुर जिले का अति पिछड़ा कहा जाने वाला रेउसा ब्लाक हमेशा चर्चा का विषय बना रहता है। ब्लॉक मुख्यालय से लेकर गांव में लाखों के घोटाले होना आम बात हो गई है। ऐसा ही कुछ मामला बाढ़ कटान प्रभावित क्षेत्र के मल्लापुर ग्राम सभा का सामने आया है। जहां पर ग्राम प्रधान व सचिव की मिलीभगत के चलते करीब सात लाख रुपयों के हेरफेर करने का मामला उजागर हुआ है। सूत्रों के मुताबिक इलाके के मल्लापुर एवं बडहिन पुरवा गांव का अस्तित्व नदी की कटान में समाप्त हो गया था।

मौजूदा हालात में कटान पीड़ित परिवार किशोर गंज व रमुवापुर जाने वाले संपर्क मार्गो के किनारे एवं खेत खलियान में अपने परिवारों के साथ झोपड़ी बनाकर रह रहे हैं। वहीं कम्हरिया शेखूपुर गांव शारदा नदी के कटान की कगार पर लटका हुआ है। कटान पीड़ितों राजेंद्र प्रसाद अवस्थी, वेद प्रकाश, रिजवान अहमद, अमरेंद्र सिंह, अभय कुमार, सुजीत कुमार मिश्र, सूरज लाल भार्गव, प्रेम शंकर वर्मा, साबिर अली, शकूर अहमद आदि ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत भवन नदी की कटान की कगार में लटक रहा है। उसका भी निर्माण कार्य आधा अधूरा किया गया है। उनका कहना है कि जबकि निर्धारित सरकारी धनराशि पूरी आहरित कर ली गई है।

सामुदायिक शौचालय में ताला लटक रहा है। ग्राम प्रधान व सचिव की कथित संलिप्तता के चलते मल्लापुर में पांच माह में करीब सात लाख रुपयो का ह्यूम पाइप, टॉयलेट कंस्ट्रक्शन, सोलर लाइट, शौचालय के नाम पर अपनी अपनी फर्मो के नाम भुगतान कर लिया गया है। जबकि जमीनी हकीकत कुछ और बयां कर रही है। आधा अधूरा सामुदायिक शौचालय समूह को हस्तांतरित कर दिया गया है।सीतापुर जिले के ग्राम पंचायत मल्लापुर में सरकारी धनराशि की अनियमितता के बाबत खंड विकास अधिकारी ऐश्वर्य यादव ने बताया कि सोलर लाइट आदि क्रय करने का कोई प्राविधान नहीं है। संबंधित प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।

यह भी पढ़ें:-अमेरिकी नौसेना ने ओमान में जलते हुए जहाज से तस्करों को बचाया, 1.47 करोड़ अमेरिकी डॉलर मादक पदार्थ जब्त

संबंधित समाचार