रुद्रपुर: दरोगा पर हमले के आरोपी को पांच वर्ष की कैद
रुद्रपुर, अमृत विचार। खटीमा के चकरपुर में दरोगा की वर्दी फाड़ने एवं हड्डी तोड़ने के मामले में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रदीप कुमार मणि ने अभियुक्त को पांच साल की सजा सुनाई है। साथ ही पांच हजार रुपये के अर्थदंड से भी दंडित किया है। चकरपुर पुलिस चौकी के तत्कालीन प्रभारी देवेंद्र राजपूत को …
रुद्रपुर, अमृत विचार। खटीमा के चकरपुर में दरोगा की वर्दी फाड़ने एवं हड्डी तोड़ने के मामले में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रदीप कुमार मणि ने अभियुक्त को पांच साल की सजा सुनाई है। साथ ही पांच हजार रुपये के अर्थदंड से भी दंडित किया है।
चकरपुर पुलिस चौकी के तत्कालीन प्रभारी देवेंद्र राजपूत को 27 जनवरी 2020 को 112 से सूचना मिली कि पचौरिया गांव में एक युवक नाबालिग के घर में जबरन घुसकर छेड़छाड़ कर रहा है। इस पर वह आरक्षी प्रेमप्रकाश के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस के समझाने पर आरोपी युवक भड़क उठा। आरोपित ने एसआई राजपूत की वर्दी फाड़ने के साथ उन पर लात घुसों से हमला कर दिया जिसमें उनकी गले की हड्डी फैक्चर हो गई थी। पुलिस ने 28 जनवरी 2020 को आरोपित पचौरिया चकरपुर निवासी मनोज पार्की के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की थी।
यह मामला अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत में पहुंचा। पुलिस ने 25 मार्च 2020 को न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल कर दिए थे। अभियोजन पक्ष की ओर से सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता सौरभ ओझा ने पैरवी करते हुए सात गवाहों को पेश किया। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद न्यायाधीश मणि ने अभियुक्त मनोज पार्की को धारा 333 में पांच वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाते हुए पांच हजार रुपये के अर्थदंड से भी दंडित किया है।
