अमृत विचार अभियान: स्मार्ट प्रबंधन से चलेंगी दिल्ली की बसें, निर्धारित स्टॉपेज के अलावा शहर के भीतर नहीं रोकी जाएंगी रोडवेज
मुरादाबाद,अमृत विचार। स्टेशन रोड के विस्तारीकरण में विलंब रोडवेज बसों के संचालन में रोड़ा बना है। इसके मद्देनजर बसों के चालक और परिचालकों को जागरूक किया गया है। जबकि यातायात पुलिस वाहनों के आवागमन को लेकर और सतर्क रहेगी। दिल्ली दिशा की बसों को रेलवे स्टेशन के रास्ते चलाने को लेकर विभागों ने कसरत शुरू …
मुरादाबाद,अमृत विचार। स्टेशन रोड के विस्तारीकरण में विलंब रोडवेज बसों के संचालन में रोड़ा बना है। इसके मद्देनजर बसों के चालक और परिचालकों को जागरूक किया गया है। जबकि यातायात पुलिस वाहनों के आवागमन को लेकर और सतर्क रहेगी। दिल्ली दिशा की बसों को रेलवे स्टेशन के रास्ते चलाने को लेकर विभागों ने कसरत शुरू कर दी है।
25 अक्टूबर 2020 को रेलवे लाइन के ऊपर बने लोकोशेड पुल के दोनों लेन से वाहनों का आना-जाना शुरू हो गया था। जबकि पुल निर्माण के दौरान जाम को देखते हुए जिला प्रशासन ने मुरादाबाद डिपो की बसों का संचालन रोका था। अब रूट बहाली के लिए रोडवेज प्रबंधन की मेहनत ने जिम्मेदार विभागों को इस मामले में निर्णय लेने के लिए मजबूर कर दिया है।
लोकोशेड पुल से दिल्ली रूट की बसों के आने-जाने से यात्रियों को दोहरा लाभ होगा। स्मार्ट शहर से स्मार्ट बसें बहुत जल्दी दिन में फव्वारा तिराहा से गुजरेंगी। अभी दिन में इन बसों का संचालन प्रतिबंधित है। उधर, यातायात पुलिस के सामने रेलवे स्टेशन गेट से फव्वारा तिराहे तक सुगम यातायात चुनौती रहेगी। सूत्रों का कहना है कि निर्धारित स्थानों पर ही बसें रोकी जाएंगी और बेवजह के कट बंद किए जाएंगे।
यातायात पुलिस को पारकर स्कूल के सामने से लेकर कंटेनर डिपो तक की संकरी सड़कें परेशान कर रही हैं। डिवाइडर की वजह से सड़क की चौड़ाई सिमट गई है। जबकि कपूर कंपनी और आसपास के कट पूरी तरह बंद किए जाने का निर्णय लिया गया है। सूत्रों का कहना है कि कट बंद होने से दोपहिया वाहन व अन्य छोटे वाहन के यात्रियों की दिक्कत तो बढ़ेगी। लेकिन, रोडवेज की बसों का आना-जाना जल्द शुरू हो जाएगा।
जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने मुरादाबाद डिपो के पत्र को लेकर जिम्मेदारों को जिम्मा सौंप दिया है। यात्री सुविधा को देखते हुए बसों का संचालन जल्द शुरू होगा। इस मामले में नगर निगम को भी जिम्मेदार बनाया गया है। जबकि लोक निर्माण विभाग सड़कों के गड्ढे को लेकर प्रभावी कदम उठाने जा रहा है।
यातायात निरीक्षक पवन त्यागी ने बताया हरपाल नगर, रेलवे स्टेशन गेट, पारकर स्कूल के सामने से फव्वारा तिराहा तक की दिक्कत है। लोकोशेड पुल से चरण सिंह चौक तक कोई दिक्कत नहीं है। लेकिन यात्री सहूलियत के मद्देनजर दिल्ली रूट की बसों का दिन में भी संचालन बहाल होगा। बिजनौर की ओर जाने वाली बसों को बेवजह से रोके जाने को लेकर रोडवेज चालकों और परिचालकों को जरूरी निर्देश दिए जाएंगे। जगह-जगह टीम तैनात रहती है।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (मुरादाबाद डिपो) -सोमपाल सिंह ने बताया कि गैर क्षेत्रों की बसें मुरादाबाद डिपो से हनुमान मूर्ति होकर ही दिल्ली दिशा की ओर से आती- जाती हैं। ऐसे में दिल्ली रूट की कुल तीन दर्जन बसों को ही रेलवे स्टेशन रूट से चलाया जाना है। यात्री सुविधा के मद्देनजर जिला प्रशासन का ध्यान आकृष्ट किया गया है। कोरोना काल के पांच दिनों के लाकडाउन से इस दिशा से ही बसें चलती थीं। पुलिस प्रशासन की शर्त का पूरी तरह से पालन कराया जाएगा।
