10 मिनट बरेली में रुकेंगे मोदी, एयरफोर्स के आसपास सात किमी की निगरानी
बरेली, अमृत विचार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बरेली में चेंजओवर के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। एयरफोर्स के अंदर और इसके आसपास के क्षेत्र की कड़ी निगरानी शुक्रवार से ही शुरू कर दी गई। जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह और एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने दिन में एयरफोर्स के अंदर सुरक्षा व्यवस्था …
बरेली, अमृत विचार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बरेली में चेंजओवर के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। एयरफोर्स के अंदर और इसके आसपास के क्षेत्र की कड़ी निगरानी शुक्रवार से ही शुरू कर दी गई। जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह और एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने दिन में एयरफोर्स के अंदर सुरक्षा व्यवस्था देखीं। वहीं त्रिशूल एयरफोर्स के हैलीपैड पर मोदी के स्वागत के लिए राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शनिवार को पहुंचेंगे।
राज्यपाल और मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री के आगमन से 40 मिनट पहले एयरफोर्स पहुंच जाएंगे। इस बीच मुख्यमंत्री के विकास कार्यों की समीक्षा करने के संबंध में बैठक बुलाने की आशंका को लेकर भी अधिकारी सकते में हैं। नरेंद्र मोदी बरेली में 10 मिनट और करीब डेढ़ घंटे शाहजहांपुर में आयोजित कार्यक्रम में रुकेंगे। मोदी के चेंज ओवर के दौरान एयरफोर्स के अंदर और आसपास सात किलोमीटर के एरिया को नजरबंद रखने की तैयारी की गई है।
यहां तक बरेली एयरपोर्ट पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। ब्लू बुक के अनुसार मोदी की सुरक्षा के प्रबंध किए गए हैं। एयरफोर्स के बाहर की सुरक्षा व्यवस्था बनाने के लिए 13 मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने दो घंटे पहले ड्रेस कोड में तैनाती के निर्देश दिए हैं।
मोदी के आने-जाने का कार्यक्रम
- 11:25 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हेलीकॉप्टर दिल्ली एयरपोर्ट से उड़ेगा
- 12:10 बजे त्रिशूल हवाई अड्डा पहुंचेगा
- 12:15 बजे प्रधानमंत्री हेलीकाप्टर से शाहजहांपुर के लिए उड़ेंगे
- 2:15 बजे शाहजहांपुर हैलीपैड से उड़ेंगे
- 2:50 बजे त्रिशूल हवाई अड्डा पहुंचेंगे
- 2:55 बजे दिल्ली के लिए हेलीकाप्टर उड़ेगा
योगी के आने-जाने का कार्यक्रम
- 10:50 बजे मुख्यमंत्री का हैलीकाप्टर अमौसी एयरपोर्ट से बरेली के लिए उड़ान भरेगा।
- 11:30 बजे हैलीकाप्टर त्रिशूल एयरफोर्स पर उतरेगा
- 11:30 बजे से 12:10 बजे तक प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए आरक्षित
- 12:15 बजे एयरफोर्स से शाहजहांपुर में हैलीपैड के लिए उड़ान।
- 2:15 बजे शाहजहांपुर हैलीपैड से एयरफोर्स के लिए उड़ान।
- 2:50 बजे एयरफोर्स आगमन।
- 2:50 से 2:55 बजे तक प्रधानमंत्री की विदाई के लिए आरक्षित
- 3 बजे योगी का हैलीकाप्टर प्रयागराज के लिए उड़ान भरेगा
राज्यपाल के आने-जाने का कार्यक्रम
- 11:30 बजे हैलीकाप्टर त्रिशूल एयरफोर्स पर उतरेगा
- 12:10 बजे तक आरक्षित समय
- 12:10 से 2:55 बजे तक राज्यपाल भी मोदी के कार्यक्रम में साथ रहेंगी
- 3 बजे से 3:30 बजे तक लंच के लिए एयरफोर्स पर आरक्षित स्थान।
- 3:35 बजे राज्यपाल आनंदी बेन पटेल का हैलीकाप्टर लखनऊ के लिए उड़ेगा।
दो मेडिकल कॉलेजों को बनाया सेफ हॉस्पिटल
प्रधानमंत्री के बरेली में 10 मिनट रुकने के दौरान आकस्मिक चिकित्सा सेवाएं भी दुरुस्त रखी गई हैं। जिला अस्पताल के अलावा रोहिलखंड मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल को सेफ हॉस्पिटल बनाया गया है। नायब तहसीलदार बहेड़ी कुंदन सिंह टोलिया को हॉस्पिटल में पूरे दिन रहकर कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभारी नियुक्त किया गया है।
श्रीराममूर्ति स्मारक मेडिकल कॉलेज को भी सेफ हॉस्पिटल बनाया गया है। सहायक श्रमायुक्त आरके तिवारी को यहां की जिम्मेदारी सौंपी गई है। एयरफोर्स में भी आकस्मिक चिकित्सालय बनाया गया है। सीएमओ को चिकित्सीय सेवाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। पीएमओ से भी चिकित्सकों की टीम के पहुंचने की चर्चा है। दोनों सेफ हॉस्पिटल में आरक्षित किए गए वार्डों में तैनात रहने वाले स्टाफ की भी कोरोना जांच कराई गई है।
गरुड़ लॉज को बनाया सेफ हाउस, हॉट लाइन की व्यवस्था
मोदी की सुरक्षा के मद्देनजर एयरफोर्स में गरुड़ लॉज को ही सेफ हाउस बनाया गया है। सेफ हाउस में हॉट लाइन, डाइरेक्ट बीएसएनएल लाइन बिछाई गई है। फैक्स मशीन मय आवश्यक उपकरणों व ऑपरेटर की तैनाती की गई है। विद्युत सुरक्षा के उप निदेशक ने वीवीआईपी लाउंज/सेफ हाउस में आकस्मिक चिकित्सालय में लगे विद्युत उपकरणों, वायरिंग आदि की शुक्रवार को जांच पड़ताल की।
