संभल : एसओजी ने भाजपा के मंडल मंत्री से फोन छीनकर जबरन गाड़ी में बैठाया, विरोध पर जो सामने आया उसे पीटा
संभल,अमृत विचार। हयातनगर थाना क्षेत्र के गांव में अपराधी की तलाश में पुलिस गलत जगह पहुंच गई। वहां मौजूद भाजपा के नेता समेत छह लोगों की पिटाई करके भाजपा नेता को गाड़ी में डालकर ले जा रहे थे। बाद में पुलिस कर्मियों से गांव के प्रधान ने भाजपा नेता को छुड़ाया और पुलिसकर्मियों से जिसकी …
संभल,अमृत विचार। हयातनगर थाना क्षेत्र के गांव में अपराधी की तलाश में पुलिस गलत जगह पहुंच गई। वहां मौजूद भाजपा के नेता समेत छह लोगों की पिटाई करके भाजपा नेता को गाड़ी में डालकर ले जा रहे थे। बाद में पुलिस कर्मियों से गांव के प्रधान ने भाजपा नेता को छुड़ाया और पुलिसकर्मियों से जिसकी तलाश में आए थे उस थाने लाने की बात कही।
इस पर प्रधान उस व्यक्ति को थाने लाया और पुलिसकर्मियों उससे पूछताछ की तो पता लगा की वो गलत जगह पहुंच गए हैं। हालांकि बाद में मामले को रफा दफा कराने के लिए प्रधान से गुहार लगाते रहे। हालांकि थाने पहुंचे भाजपा के नेताओं ने पुलिस अधीक्षक को रात को घटना से अवगत करा दिया था। लेकिन सुबह गांव में भाजपा के नेताओं का तांता लगा रहा है। लेकिन, पुलिस का जिम्मेदार अधिकारी नहीं पहुंचा।
शुक्रवार की दोपहर तीन बजे जनपद की एसओजी टीम एक शीलू पुत्र झम्मन के घर के पास पहुंचे गई। वहीं भाजपा के मंडल महामंत्री गंगाराम सैनी शीलू से आलू की गाड़ी लोड करने के लिए कह गए थे। शीलू के पिता से पूछा तो उसने कहा बाहर है। उसके बाद गंगाराम वहां से चल दिया। वहीं एसओजी टीम ने गंगाराम को बुलाया और उसका पता पूछने के बाद उसका मोबाइल मांगने लगे। उसने देने से मना कर दिया। इस पर गंगराम को गाड़ी में डालकर ले जाने लगे। इस पर उसने पूछा आप कौन हो। एसओजी के कुछ नहीं बताने बाद पर गंगाराम ने शोर मचाना शुरू दिया। गंगाराम को बचाने आई मां, पत्नी और भाभी समेत सब की लाठी डंडों से पिटाई शुरू कर दी। गंगाराम के भतीजा पुष्पेंद्र छत से इस घटना की विडियो बना रहा था। उसको भी छत से उतरकार पीटना शुरु कर दिया। सुनीता देवी, पुष्पेंद्र की चाची उसको बचाने आई तो उसे भी मारना शुरू कर दिया।
पुलिस ने झम्मन की भी पिटाई करी दी। इससे पूरे गांव में अफरातफरी का माहौल बन गया। उसके बाद एसओजी ने जो भी आया उसे मारना शुरू कर दिया। जिसमें 6 लोग जिनमें शीलू के माता-पिता, शकुन्तला देवी, झम्मन, सुनीता, मुन्नी देवी, भूरी, गंगाराम सैनी, पुष्पेंद्र, नन्हें, जागन यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में ग्राम प्रधान देवेंद्र ने एसओजी पुलिसकर्मियों की गाड़ी का पीछा कर गंगाराम को तो छुड़ा लिया पर प्रधान से शीलू को थाने लाने को कहा। बाद में प्रधान शीलू को थाने लाया और एसओजी ने उसे पूछा कि तू दिल्ली कब गया था।
शीलू ने बताया कि में 14 तारीख की रात को गया और पन्द्रह की सुबह को अपने घर आ गया था , इस पर पुलिसकर्मियों ने गलत जगह पहुंच जाने की बात कहकर प्रधान से मामले को शांत करने की बात कही । सुबह गांव भाजपा के नेताओं का आना जाना लगा है। परमेश्वर लाल सैनी संभल पूर्व ब्लाक प्रमुख, चौधरी नरेंद्र सिंह जिला पंचायत सदस्य, अवदेश प्रताप सिंह सहित कई और नेता भी आए थे। पर पुलिस के किसी जिम्मेदार अधिकारी ने गांव में जाकर नहीं देखा।
एक बिना नंबर की गाड़ी थी, उस पर किसी विभाग का नाम भी नहीं लिखा था। वह लोग किसी की तलाश में आए थे। मैं भी फोन से बात करते हुए वहां पहुंच गया। इसी दौरान फिर एक बार फोन आया तो मैंने फोन काट दिया। उन लोगों ने कहा कि तुम वीडियो बना रहे हो और यह कहकर मुझे गाड़ी में बैठने लगे। आसपास के लोग आ गए और गाड़ी में से मुझको उतार लिया। इससे नाराज होकर उन लोगों ने महिलाओं और बच्चों को डंडों से बुरी तरह पीटा। सात आठ लोगों के चोट लगी है।-गंगाराम सिंह
मैं घर पर ही कपड़े धो रही थी। बाहर खेल रहे बच्चों ने आकर बताया कि गंगाराम चाचा को बहुत मार रहे हैं। मैं भागकर गई तो देखा कि तीन लोग उन पर भिड़े हुए थे। वह उनको लात घूंसों से मार रहे थे। मैंने उनको बचाने का प्रयास किया तो उन्होंने धक्का देकर मुझको भी गंदी-गंदी गालियां दी। मेरे भी डंडा मारा था। वह लोग सादा वर्दी में थे और शीलू को गिरफ्तार करने आए थे। हमने कहा कि वह घर नहीं है। आ जाएगा तो उसको भेज देंगे। इसके बाद भी उन लोगों ने हमको मारा पीटा।-भूरी, शीलू की भाभी
मुझे पूछताछ के लिए बुलाया गया था। मेरे काम और दिल्ली आने जाने का कारण और समय के बारे में पूछा था। मेरे ससुराल के बारे में भी जानकारी की। मुझसे कहा गया कि गांव वालों को समझाकर रखो। मैं गाजीपुर मंडी आलू आदि लेकर जाता हूं। -शीलू
किसी व्यक्ति की तलाश में क्राइम ब्रांच की टीम आयी थी। गांव वालों ने विरोध किया। उसी विरोध के चलते गांव वालों के साथ मारपीट की गई है। हमारे पार्टी के महामंत्री गंगाराम सिंह भी चोटिल हुए हैं। कई महिलाओं को भी पीटा गया है। एसपी से मिलकर पूरे मामले की जांच की मांग करेंगे। -अवधेश यादव, जिला पंचायत सदस्य
मामला संज्ञान में है। एसओजी के द्वारा जो घटना घटित हुई है। उसकी जांच कराई जा रही है। जांच के अनुसार दोषियों कार्रवाई की जाएगी। वैसे तो टीम पूर्व में हुई एक घटना के खुलासे में लगी थी। -चक्रेश मिश्रा, एसपी
