हल्द्वानी: विवाह अनुदान योजना में कुमाऊं की हालत चिंताजनक, आंकड़े चौकाने वाले
हल्द्वानी, अमृत विचार। विधवाओं की पुत्रियों का विवाह कराने के लिए दिए जाने वाले अनुदान में गढ़वाल की अपेक्षा कुमाऊं मंडल की हालत चिंताजनक है। हालांकि मंडल में इस योजना में नैनीताल जिले में सबसे ज्यादा लोगों को लाभ दिया गया है। समाज कल्याण विभाग की ओर से विधवाओं की पुत्रियों के विवाह के लिए …
हल्द्वानी, अमृत विचार। विधवाओं की पुत्रियों का विवाह कराने के लिए दिए जाने वाले अनुदान में गढ़वाल की अपेक्षा कुमाऊं मंडल की हालत चिंताजनक है। हालांकि मंडल में इस योजना में नैनीताल जिले में सबसे ज्यादा लोगों को लाभ दिया गया है।
समाज कल्याण विभाग की ओर से विधवाओं की पुत्रियों के विवाह के लिए 51 हजार रुपये का अनुदान दिया जाता है लेकिन विभाग अभी तक नैनीताल जिले में केवल 11 ही लोगों को इस योजना का लाभ दे पाया है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि तमाम लोग योजना की पात्रता में नहीं आते, जिसके कारण लाभांवितों की संख्या कम है।
इधर, लोगों का कहना है कि वह विभाग के चक्कर ही काटते रह जाते हैं लेकिन उनका योजना का लाभ नहीं दिया जाता है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार इस योजना के तहत कुमाऊं के बागेश्वर जिले व गढ़वाल के चमोली जिले में दो ही लोगों को लाभ दिया जा रहा है। समाज कल्याण के सहायक निदेशक केआर जोशी ने बताया कि लोगों की ओर से कम आवेदन किए जा रहे हैं। जो पात्र होते हैं उनको विभाग योजना का लाभ देता है।
इस योजना के तहत 750 लाख प्रस्तावित थे लेकिन शासन से विभाग को केवल 375 लाख ही का बजट दिया गया है। बजट की कमी भी बड़ा कारण है कि कई पात्रों तक लाभ नहीं पहुंच पाता है।
जनपद – लाभार्थी
पौड़ी 4
टिहरी 13
चमोली 2
रूद्रप्रयाग 8
उत्तरकाशी 4
देहरादून 23
हरिद्वार 24
नैनीताल 11
अल्मोड़ा 5
पिथौरागढ़ 5
बागेश्वर 2
चम्पावत 4
ऊधमसिंह नगर 8
